
सोनभद्र: मुंबई से आये आठ लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव, गांव में पहुंची प्रशासनिक टीम ने किया निरीक्षण
सोनभद्र में एक ही परिवार के आठ लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। सभी लोग मुंबई से 30 मई को लौटे थे। 31 मई को इनकी जांच हुई थी। जांच रिपोर्ट के मिलते ही खलबली मच गई। इससे पहले इतनी बड़ी संख्या में एक दिन में कभी पॉजिटिव रिपोर्ट नहीं आई थी। जिले में एक साथ कोराना के पांच मरीज मिले थे।
सभी कोरोना मरीजों का इलाज राबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के मधुपुर में बने कोविड-19 अस्पताल में किया जाएगा।
पॉजिटिव परिवार चोपन थाना क्षेत्र के मारकुण्डी गांव का निवासी है। मुंबई में काम करने वाले व्यक्ति के साथ मां, पत्नी, तीन बेटियां और दो बेटे भी साथ रहते थे।
लॉकडाउन के कारण यह सभी लोग 30 मई को अपने गांव लौटे थे। सीएमओ डॉ. एसके उपाध्याय ने बताया कि इन सभी का 31 मई को सैंपल लिया गया था।
सोमवार को आई रिपोर्ट में परिवार के 42 वर्षीय मुखिया, उनकी 65 वर्षीय मां और 38 वर्षीय पत्नी के अलावा पांचों बच्चे 21, 18 और 15 साल की बेटियां, 13 और 6 साल का बेटा पॉजिटिव मिले।
रिपोर्ट पॉजिटिव मिलने के बाद सभी को एंबुलेंस के जरिए मधुपुर में बने जिले के पहले कोविड-19 अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है। फिलहाल किसी में भी संक्रमण के लक्षण नजर नहीं आ रहे हैं।
गांव में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल भी तैनात कर दिया गया। आवाजाही को भी प्रतिबंधित कर दिया गया। जिले में अब पॉजिटिव मरीजों की संख्या 21 हो गई है। जिले में पहला मरीज 10 मई को मिला था, जो कि मूल रूप से बहराइच का रहने वाला था। वह स्पेशल श्रमिक स्पेशल ट्रेन से गुजरात के मेहसाना के सोनभद्र आया था। कुल 22 मरीजों में से तीन मरीज स्वस्थ्य होकर अपने घर जा चुके हैं।