
KESHARI NEWS24
UP news
एक महिला ने 11 दिन कराया अनुष्ठान, पंडितों को अंतिम विदाई में दिया 5 लाख से अधिक के मनोरंजन बैंक के नोट
उत्तर प्रदेश । सीतापुर जिले में ठगी का मामला सामने आया है। यहां रामपुर मथुरा थानाक्षेत्र में खजाने की चाह में महिला ने 40 पुरोहितों से अनुष्ठान कराया। गुरुवार सुबह महिला ने पुरोहितों को पैकेट में 5.53 लाख रुपए दक्षिणा में भेंट किए। रुपए पैकेट में दिए गए थे। लेकिन, जब पुरोहितों ने नोट देखे तो सन्न रह गए। दरअसल, नोट चूरन वाले थे।
मामला रामपुर मथुरा थानाक्षेत्र के टेरवा मनिकापुर गांव का है। गीता पाठक नाम की महिला ने बहराइच से 40 पुरोहितों को बुलाया था। 11 दिन चले अनुष्ठान का गुरुवार को समापन हुआ और पुरोहितों को लाल रंग के पैकेट में नोटों की गड्डी थमाई गई। जब पुरोहितों ने पैकेट खोले तो ऊपर के नोट तो असली थे, लेकिन नीचे के सारे नोट नकली। नोटों पर 'मनोरंजन बैंक ऑफ इंडिया' लिखा हुआ था। अपने साथ हुई ठगी पर पुरोहित मन मसोस कर रह गए। बहरहाल, पुलिस रिपोर्ट दर्ज कर महिला का पता लगा रही है।
सीओ महमूदाबाद रवि शंकर ने बताया कि पुरोहितों की शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है। महिला ने पहले पुरोहितों से 9 दिन का अनुष्ठान कराया, इसके बाद इसमें दो दिन का इजाफा कर इसे 11 दिन का कर दिया।