
KESHARI NEWS24
UP news
फ्रांस के राष्ट्रपति इमेनुएल मैक्रों की टिप्पणी के विरोध में भोपाल में हुए प्रदर्शन के बाद यूपी पुलिस भी अलर्ट
फ्रांस के राष्ट्रपति इमेनुएल मैक्रों की टिप्पणी के विरोध में भोपाल (मध्य प्रदेश) में हुए प्रदर्शन के बाद यूपी पुलिस भी अलर्ट हो गई है। डीजीपी मुख्यालय ने सभी जिलों को ऐसे किसी भी प्रदर्शन की संभावना को देखते हुए पूरी सतर्कता बरतने का निर्देश दिया है। सभी पुलिस कप्तानों से कहा गया है कि स्थानीय अभिसूचना इकाइयों को सतर्क कर दिया जाए। जिले में कहीं भी लोग एक जगह एकत्रित न होने पाएं। कोविड-19 को लेकर जारी गाइड लाइन का सख्ती से पालन कराया जाए। उन जिलों को विशेष रूप से अलर्ट किया गया है, जहां आगामी तीन नवंबर को विधानसभा के उप चुनाव होने वाले हैं।
यह विरोध प्रदर्शन उस विवाद से संबंधित हैं जो पेरिस (फ्रांस) के निकट के इलाके में एक शिक्षक की हत्या के बाद शुरू हुआ था। इस घटना पर फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों की टिप्पणी से दुनिया के कई देश भड़के हुए हैं। इसी मामले को लेकर भोपाल के इकबाल मैदान में भी बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी जुटे। उन्होंने मांग की कि फ्रांस में स्थित भारतीय दूतावास राष्ट्रपति मैंक्रों की टिप्पणी के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराए। यह प्रदर्शन कोविड-19 की गाइड लाइन का उल्लंघन करते हुए किया गया। इस कारण भोपाल पुलिस ने एक विधायक समेत लगभग दो हजार अज्ञात लोगों के खिलाफ धारा 188 के उल्लंघन का मुकदमा दर्ज किया है।