
UP news
संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में सुबह की सैर के लिए अब देना होगा शुल्क।
KESHARI NEWS24
वाराणसी। संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में अब भ्रमण के लिए शुल्क देना होगा। विश्वविद्यालय परिसर में अभी बाहरी लोगों के टहलने पर रोक है। मगर लोगों के अनुरोध पर एक नियमावली बनाई गई है। इसके तहत भ्रमण के इच्छुक लोगों को शुल्क देना होगा और परिचय पत्र बनवाना होगा।
विश्वविद्यालय की ओर से जारी नियमावली के मुताबिक सर्दी में पांच से 9 बजे और गर्मी में सुबह 4.30 से आठ बजे तक भ्रमण का समय होगा। प्रति व्यक्ति दौ सौ रुपए प्रतिमाह शुल्क लिया जाएगा। पंजीकरण शुल्क के रूप में 250 रुपए देना होगा। अभिभावक के साथ आने वाले पांच वर्ष के बच्चे का शुल्क नहीं लगेगा। पांच से बारह वर्ष तक 100 रुपये और बारह वर्ष से अधिक का पूरा शुल्क लिया जाएगा।
दिव्यांगों से कोई फीस नहीं ली जाएगी। मगर उन्हें परिचय पत्र बनवाना होगा। चीफ प्राक्टर की ओर से परिचय पत्र जारी किया जाएगा। दीक्षांत समारोह और महत्वपूर्ण अवसरों पर भ्रमण पर रोक रहेगी। परिचय पत्र के लिए आवेदन करना होगा। इसी प्रकार खेल मैदान के उपयोग के लिए शुल्क निर्धारित किया गया है। छात्रों के अभ्यास से रिक्त होने की स्थिति में बाहरी लोगों को सामूहिक अभ्यास के लिए दस हजार रुपए पंजीकरण शुल्क और 200 रुपए प्रति खिलाड़ी की धनराशि तय की गई है।