
UP news
सुल्तानपुर : 30 लाख की लूटकांड में घटना स्थल पर पहुंचे आलाधिकारी बोले- दोनों पीड़ित के बयानों में विरोधाभास
उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिले में गुरुवार की रात प्रतापगढ़ निवासी सराफा कारोबारी के दो कर्मचारियों से बदमाशों ने 30 लाख रुपए लूट लिए। वारदात लखनऊ-वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित अमहट चौराहे की है। लेकिन पुलिस तब हरकत में आई, जब लूट की वारदात की जानकारी सोशल मीडिया पर वायरल हुई। पुलिस ने FIR दर्ज कर लिया है। लेकिन वारदात के 12 घंटे बाद IG डॉक्टर संजीव गुप्ता के साथ SP डॉक्टर अरविंद चतुर्वेदी ने घटनास्थल का दौरा किया। SP का कहना है कि पीड़ित दोनों कर्मियों के बयानों में विरोधाभास है। जांच जारी है।
दरअसल, पड़ोसी जिले प्रतापगढ़ के सराफा व्यवसाई प्रहलाद सोनी के दो कर्मचारी पन्ना लाल सोनी और संतोष सोनी रुपए से भरा बैग लेकर गुरुवार को जिले में पहुंचे थे। दोनों कर्मचारियों को यहां से बस से दिल्ली जाना था। दोनो ई-रिक्शे से सुलतानपुर शहर के अमहट चौराहे की ओर जा रहे थे कि बाइक एजेंसी शोरूम के सामने बदमाशों ने रुपयों से भरा बैग छीन लिया। दोनों के बैग में 15-15 लाख रुपए थे। प्रहलाद ने बताया कि एक कर्मचारी सुल्तानपुर जिले का रहने वाला है और एक प्रतापगढ़ के रानीगंज क्षेत्र का।
लूट की खबर रात से ही सोशल मीडिया पर दौड़ रही थी। लेकिन पुलिस हाथ पर हाथ धरे बैठी रही। शुक्रवार सुबह जब शासन से जिले के पुलिस अधिकारियों को सख्त निर्देश मिले, तब पुलिस के अधिकारियों ने घटना स्थल पर पहुंचकर पड़ताल किया।
SP डॉक्टर अरविंद चतुर्वेदी ने बताया कि सराफा कारोबारियों के कर्मियों से पूछताछ हुई है। जिस ई-रिक्शा की बात हुई है, उसकी तलाश की जा रही है। दोनों कर्मियों के बयान विरोधाभासी हैं, लेकिन वादी की घटना की बात पर विश्वास करके FIR दर्ज कर विवेचना की जा रही है। बरामदगी के लिए तीन टीमें लगाई गई हैं।