
UP news
अयोध्या : बीजेपी नेता कल्याण सिंह बोले, अयोध्या में राम मंदिर के साथ बनेगा राष्ट्र के निर्माण का मंदिर
अयोध्या में राम मंदिर को लेकर बेहद भावुक हो उठे कल्याण सिंह ने कहा कि भगवान राम के प्रति मेरी आस्था अभी भी वैसी ही है, जब में उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री था। सारा जग जानता है कि मैं राम के प्रति श्रद्धा रखता हूं। जब मुख्यमंत्री था तब भी श्रद्धा थी और आज जब सीएम नही हूं तब भी उतनी ही श्रद्धा रखता हूं। मेरी श्रद्धा ज्यों की त्यों है।
कल्याण सिंह ने कहा कि अयोध्या में भगवान श्रीराम के मंदिर के साथ ही राष्ट्र के मंदिर का निर्माण हो रहा है। छह दिसंबर को कुछ घटना हो गई। मैं यह समझता हूं कि अगर वो ढांचा बना रहता तो कोई भी अदालत वहां मंदिर निर्माण का आदेश नहीं देती। उन्होंने कहा कि लम्बे समय से देश का गौरव क्षीण हो गया था, भगवान राम काफी अपमानित हो रहे थे। अब माहौल काफी बदल गया है।
कल्याण सिंह ने कहा कि मैंने पहले कहा था कि मेरे जीवन काल में ही राम का भव्य मंदिर बन जाए और अब उम्मीद है कि मेरे जीवनकाल में भव्य राम मंदिर बन जाएगा। उन्होंने कहा कि इसको लेकर भी काफी षडयंत्र रचा गया। सीबीआइ ने विवादित ढांचा ध्वंस मामले में 32 आरोपियों को बरी किया था, लेकिन अभी भी कुछ मुस्लिम समुदाय के लोग पिटीशन लगा कर अड़ंगा लगा रहे हैं। उनको भी पता है कि अब न रिवीजन से कुछ होगा ना डिवीजन से कुछ होगा। अयोध्या में श्रीराम का भव्य मंदिर बनेगा।
कल्याण सिंह के आवास पर मौजूद संघ के सह-सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबोले ने कहा कि आज बहुत ही आनंद का विषय है कि जिस व्यक्ति ने राम मंदिर को लेकर इतिहास रचा उनके घर पर राम मंदिर निर्माण के लिए धन संग्रह के लिए आए हैं। उन्होंने कहा कि हम लोग 12 करोड़ परिवार तक चार लाख गांव तक जाएंगे। आज से यह धन संग्रह का अभियान 27 फरवरी तक चलेगा। राम मंदिर से राष्ट्र मंदिर का निर्माण होगा।
रायबरेली में पूर्व विधायक ने दिया एक करोड़, 11 लाख, 11 हजार
अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माण को लेकर शुक्रवार से विश्व हिंदू परिषद कीओर से श्रीराम जन्मभूमि निधि समर्पण अभियान शुरू किया गया। पूर्व विधायक सुरेंद्र बहादुर सिंह ने एक करोड़ 11 लाख, 11 हजार एक सौ 11 हजाार रुपये का दान किया। इसके साथ ही जिले में लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। तेजगांव में आयोजित कार्यक्रम में विहिप केंद्रीय उपाध्यक्ष एवं श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महामंत्री चंपत राय को पूर्व विधायक ने चेक सौंपा।
ट्रस्ट के महामंत्री ने कहा कि इंजीनियरों ने राम मंदिर की प्रतिकृति तैयार कर दी है। 39 महीने में भव्य राम मंदिर बन जाएगा। उन्होंने कहा आज से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कार्यकर्ता मंदिर के लिए संसाधन जुटाने के लिए जनता के बीच जाएंगे। यह अभियान संत रविदास जयंती के अवसर पर पूर्ण होगा। पूर्व विधायक को राम मंदिर का मॉडल भेंट किया। इस अवसर पर कांग्रेस की बागी विधायक अदिति सिंह ने भी चंपत राय से आशीर्वाद लिया।
महंत देव्या गिरि ने समर्पण निधि में दिया 51 हजार
अयोध्या में श्रीराम के भव्यमंदिर के निर्माण में हर व्यक्ति की भागीदारी के आह्वान के साथ मनकामेश्वर मंदिर की महंत देव्या गिरि ने शुक्रवार को समर्पण निधि में 51 हजार रुपये जमा किए। महंत ने राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के सह सरकार्यवाह दत्तात्रेय को चेक देकर अभियान की शुरुआत की। महंत देव्या गिरि ने कहा कि श्रीराम मंदिर के लिए सभी को सहायोग करना चाहिए।
इस हिंदुत्व के महाअभियान के पुनीत कार्य में हम सभी का दायित्व है कि हम सब बढ़-चढ़ कर हिस्सा लें। महंत ने दत्तात्रेय सहित सभी आगंतुकों को अंग वस्त्र व मनकामेश्वर बाबा के दुर्लभ चित्र देकर सम्मानित किया। सह सरकार्यवाह दत्तात्रेय ने कहा कि श्रीराम के कार्य के लिए निकले हैं। समर्पण निधि अभियान 15 जनवरी से 15 फरवरी तक चलाएंगे। अयोध्या में भव्य श्रीराम मंदिर बनेगा। इसके लिए सभी का सहयोग और साधु संतों का आशीर्वाद मिल रहा है।