
UP news
उन्नाव : जिले के तीन बत्तखों में हुईं बर्ड फ्लू की पुष्टि , एक किलोमीटर का दायरा रेड जोन घोषित
उन्नाव में बीघापुर तहसील के हड़हा में चार दिन पूर्व मृत मिली तीन बत्तखों में बर्ड फ्लू की पुष्टि हुई है। गुरुवार दोपहर जांच रिपोर्ट आते ही हड़कंप मच गया। आननफानन पशु चिकित्सा विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कार्रवाई शुरू की। जिस तालाब में बत्तख मरी मिली थीं उसके एक किमी की परिध का क्षेत्र रेड जोन घोषित कर दिया गया है। दस किमी के दायरे में चिकन व अंडे की बिक्री पर रोक लगा दी गई है। तालाब की अन्य बत्तखों को भी मारने की तैयारी की जा रही है।
17 जनवरी को बीघापुर के हड़हा गांव में एक तालाब में आठ बतख मृत मिली थीं। सूचना पर पशु चिकित्सा विभाग ने मृत बतखों का सैंपल लेकर जांच के लिए भोपाल भेजा था। गुरुवार दोपहर जिले के पशु चिकित्सा विभाग को सैंपल रिपोर्ट पॉजिटिव मिली। बर्ड फ्लू की पुष्टि के बाद सीवीओ डा. पीके सिंह ने जिले के अन्य अधिकारियों को इसकी सूचना दी। डीएम रवींद्र कुमार के निर्देश पर पशु चिकित्सा विभाग की टीम को मौके लिए रवाना किया गया। लोगों की भीड़ तालाब तक न पहुंचने पाए इसके लिए पुलिस को सक्रिय कर दिया गया है। सीवीओ डा. पीके सिंह ने बताया कि तालाब में 65 बतख पाली गई थी। इसमें आठ की मौत हो चुकी है। तीन की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।