
UP news
उन्नाव : 14 वर्षीय रेप पीड़िता ने बच्चे को दिया जन्म, आरोपी युवक को भेजा गया जेल
उत्तर प्रदेश के उन्नाव में रेप पीड़िता नाबालिग किशोरी ने एक बच्चे को जन्म दिया है। किशोरी केवल 14 साल की है। बच्चे के जन्म के बाद लड़की के नाना ने पड़ोस में रहने वाले एक युवक पर दुष्कर्म का आरोप लगाया और पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने पाक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपी को जेल भेज दिया है।
मामला उन्नाव के सदर कोतवाली क्षेत्र का है। अपने नाना के घर रह रही किशोरी के साथ पड़ोस में रहने वाले युवक ने दो बार दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया था। करीब नौ महीने बाद मामले की जानकारी तब सामने आई जब किशोरी के पेट में दर्द शुरू हो गया। किशोरी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया तो गर्भवती होने की जानकारी मिली। 14 साल की किशोरी के गर्भवती होने की जानकारी से हर कोई हतप्रभ रह गया। इसकी सूचना पुलिस को दी गई।
किशोरी ने पुलिस को बताया कि पड़ोस में रहने वाला युवक उसके घर की दीवार फांदकर आया था और उसने मेरे साथ गलत काम किया। नाना की तहरीर के आधार पर पुलिस ने पाक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल किशोरी जिला अस्पताल में भर्ती है और पैदा हुए बच्चे को चाइल्ड लाइन में भर्ती कराया गया है। बच्चे के स्वस्थ होने पर बाल गृह लखनऊ भेज दिया जाएगा। जहां उसका पालन पोषण होगा।