Headlines
Loading...
मेरठ : प्रधानमंत्री जनधन खाते में आए 20 लाख , खाताधारक ने लगाए यह आरोप

मेरठ : प्रधानमंत्री जनधन खाते में आए 20 लाख , खाताधारक ने लगाए यह आरोप

यूपी के मेरठ जिले में पीएनबी में खोले गए दो जनधन खातों में चार साल के भीतर लाखों का लेनदेन किया गया। खाता धारक महिला का आरोप है कि तमाम लेनदेन उनकी बिना जानकारी के हुआ। महिला ने दो संदिग्धों के खिलाफ तहरीर मेडिकल थाने में दी है। पुलिस इसकी जानकारी कर रही है कि लेनदेन किसने, कब और कितना किया है। 

औरंगशाहपुर डिग्गी निवासी अजरा परवीन ने बताया कि वर्ष 2015-16 में उन्होंने अपने और बेटी महक के नाम से दो खाते पीएनबी बैंक जागृति विहार में खुलवाए थे। इन खातों में उन्होंने कोई लेनदेन नहीं किया। 29 अप्रैल 2020 को उनके घर पर दो अज्ञात व्यक्ति आए। दोनों ने अपना परिचय दीपक वर्मा और प्रशांत कुमार के रूप में दिया। दोनों ने खुद को बैंक का फील्ड ऑफिसर बताया। उन्होंने बताया कि अजरा के खाते में गलती से 48 हजार रुपये की रकम डलवा दी गई है और वह रकम निकलवाने आए हैं। पैसा नहीं लौटाने पर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई। बैंक का एक पत्र भी दिखाया गया। 

अजरा परवीन के मुताबिक, उन्होंने बैंक खाते से रकम निकालकर दोनों को दे दी। इसके बाद शक हुआ तो लॉकडाउन के बाद खाते के बारे में बैंक में जाकर पता किया। यहां पता चला कि पिछले चार साल में खाते में उनकी बिना जानकारी के लाखों रुपये का लेनदेन किया गया है। यह रकम किसने डाली और किसने निकाली, इसकी जानकारी नहीं दी गई।  

पुलिस की जांच में 15 से 20 लाख रुपये के लेनदेन का मामला सामने आ चुका है। इसके बाद पुलिस ने एक आरोपी दीपक को रविवार को पकड़ा। चूंकि धाराओं के अनुसार तीन साल से कम की सजा का प्रावधान है, इसलिए निजी जमानत पर आरोपी को छोड़ा गया। हालांकि, पुलिस जांच अभी जारी रखे हुए है। अखिलेश नारायण सिंह, एसपी सिटी मेरठ का कहना है कि पुलिस को एक शिकायत मिली थी। मुकदमा दर्ज किया गया है। छानबीन की जा रही है। बैंक अधिकारियों से भी जानकारी जुटाई जा रही।