UP news
चंदौली : जनता दरबार में नागरिकों की समस्या का समाधान , 22 शिकायतों में 17 का हुआ निस्तारण
चंदौली : जिले के पीडीडीयू नगर की जनता की समस्याओं के त्वरित निदान के लिए सोमवार को नगर पालिका परिषद कार्यालय में जनता दरबार लगाया गया। चेयरमैन संतोष खरवार ने अधिकारियों के साथ नगरवासियों की फरियाद सुनी। लोगों ने बेझिझक होकर अपनी बात रखी। 22 शिकायतों में 17 का मौके पर निस्तारण किया गया। शेष की जांच कराने के बाद निराकरण का आश्वासन दिया गया। प्रत्येक माह की 15 तारीख को दरबार लगने से समस्याओं के निदान के लिए लोगों को भटकना नहीं पड़ेगा।
जनता दरबार में साफ सफाई, मकान व दुकान का नाम स्थानांतरण, राशन कार्ड में संशोधन करने, आवास संबंधित जटिल समस्याओं का निराकरण किया गया। चेयरमैन ने कहा कि अगर किसी कारणवश समस्या का समाधान तत्काल नहीं निकलता है तो दूसरे महीने के 15 तारीख पर उसका निदान कर दिया जाएग। जनता दरबार प्रत्येक माह की 15 तारीख को सुबह 11 से दोपहर एक बजे तक लगाया जाएगा।
पालिका परिषद से संबंधित सभी विभागों के शाखा अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहेंगे। अगर जनता की समस्याओं को हल करने में आनाकानी की गई तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। कर अधीक्षक अतुल कुमार यादव, सफाई निरीक्षक सुनील कुमार, डूडा परियोजना अधिकारी संजय मौर्या, खाद्य व रसद आपूर्ति निरीक्षक ममता सिंह, निर्माण विभाग के जेई मुरलीधर, अरुण मिश्रा, जल कल विभाग के भरत वरनवाल, अशोक सिद्धार्थ केशरवानी आदि उपस्थित थे।