
KESHARI NEWS24
UP news
वाराणसी के सीर गोवर्धन स्थित संत रविदास के मंदिर में प्रियंका के बाद पहुंचे अखिलेश यादव ने कार्यक्रम में हिस्सा लिया।
वाराणसी। उत्तर प्रदेश के पूर्व सीएम और समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव शनिवार को वाराणसी में संत रविदास की जयंती के मौके पर उनकी जन्मस्थली सीरगोवर्धन पहुंचे। इस मौके पर अखिलेश यादव ने कहा कि संत रविदास जी की जयंती पर देश और प्रदेश को लोगों को बधाई देता हूं। संत रविदास जी का जीवन त्याग और बलिदान का था। रविदास जी का जीवन लोगों को जोड़ने का था और उनके द्वारा दिखाए गए रास्ते पर चलकर ही देश आगे बढ़ेगा। अखिलेश ने कहा कि उन्होंने दर्शन दिया कि समाज को जोड़ कर चलना चाहिए। समाज को मिल कर आगे बढ़ना चाहिए। जीवन भर वो बुराइयों से लड़ते रहे। आज के समय पर दिखाए रास्ते पर चलने से समाज और देश आगे बढ़ेगा। हमारे देश के गंगा जमुनी तहजीब यही है कि हम एक दूसरे का सम्मान करते हैं। हम एक दूसरे के त्योहारों में शामिल होते है। खुशियों में भी शामिल होते हैं।
इससे पहले कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी शनिवार को संत रविदास की जयंती पर उनकी जन्मस्थली सीरगोवर्धन पहुंची। उन्होंने सीरगोवर्धन स्थित संत रविदास के दर पर मत्था टेका। इसके बाद संत निरंजन दास का आशीर्वाद लेकर उनका हालचाल जाना। प्रियंका ने संत रविदास की प्रतिमा के सामने मत्था टेकते हुए आशीर्वाद मांगा। इसके बाद मंदिर में संत निरंजन दास से आशीर्वाद लिया। संत निरंजन दास ने कुशल क्षेम पूछते हुए प्रियंका से लंगर छकने के लिए पूछा तो प्रियंका ने कहा कि अभी पानी पी लूंगी। प्रियंका ने संत निरंजन दास से पूछा आपने प्रसाद ले लिया है तो उन्होंने कहा कि अभी सत्संग पंडाल जाना है। इस पर प्रियंका ने कहा कि उधर से लौटते समय प्रसाद ले लूंगी। साथ में आये नेताओं से भी प्रियंका ने संत निरंजन दास से परिचय कराया। इससे पहले प्रियंका 10:30 बजे वाराणसी एयरपोर्ट पहुंची थीं। यूपी प्रदेश अध्यक्ष अजय सिंह लल्लू, पूर्व सांसद राजेश मिश्रा, पिंडरा के पूर्व विधायक अजय राय ने प्रियंका गांधी का स्वागत किया। हजारों की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और समर्थक भी मौजूद रहे। इस दौरान प्रियंका गांधी ने अपनी कार के दरवाजे पर खड़े होकर समर्थकों का अभिनंदन किया।
पूर्व विधायक अजय राय ने बताया कि बाबतपुर एयरपोर्ट से प्रियंका गांधी सीधे रविदास मंदिर के लिए रवाना हो गईं। बीच में कुछ जगहों पर कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। मंदिर में दर्शन पूजन करने के बाद वे वापस रवाना हो जाएंगी। मंदिर में करीब 40 से 50 मिनट रुकने का कार्यक्रम है। प्रियंका पिछले साल भी रविदास जयंती पर मंदिर में आई थीं। वह जनवरी 2020 में पहली बार यहां आई थीं। यह उनका इस मंदिर में तीसरा दौरा है।
पूर्व मंत्री मनोज राय धूपचंडी ने बताया कि अखिलेश यादव पहली बार रविदास मंदिर आ रहे हैं। मिर्जापुर से सड़क के रास्ते दोपहर में मंदिर पहुंचने की संभावना हैं। दोपहर में सर्किट हाउस में कार्यकर्ताओं से मिलने के बाद वह मीडिया से बात करेंगे। इसके बाद लखनऊ के लिए निकल जाएंगे।
केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री धर्मेंद्र प्रधान शनिवार को संत रविदास के 644वीं जयंती पर सीर गोवर्धन मंदिर दर्शन पूजन करने पहुंचे। उन्होंने कहा कि सरकार और PM मोदी के प्रतिनिधि के रूप में आया हूं। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी और सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के आगमन को लेकर उन्होंने कहा कि संत रविदास के यहां सभी को आना चाहिए।
21 फरवरी 2008: बसपा प्रमुख मायावती मंदिर में दर्शन पूजन को पहुंची थी। तब उन्होंने सोने की पालकी का अनावरण किया था।
नवंबर 2011: राहुल गांधी रविदास मंदिर में दर्शन पूजन करने गए थे।
22 फरवरी 2016: PM नरेंद्र मोदी और दिल्ली के CM अरविंद केजरीवाल भी अलग-अलग दर्शन करने पहुंचे थे।