
UP news
प्रयागराज : अखिलेश यादव ने निषाद समुदाय का मदद किया वादा, कहा सपा की सरकार बनी तो देंगे नई नाव
प्रयागराज । समाजवादी पार्टी की सरकार बनी तो निषादों को नई नाव दी जाएगी। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सोमवार दोपहर पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए ये वादा किया। प्रियंका गांधी के दौरे के दूसरे दिन प्रयागराज पहुंचे अखिलेश यादव ने कहा कि निषादों की नाव तोड़ी गई, उन्हें मारा-पीटा गया और रोजीरोटी छीन ली गई। सपा इन पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है। अखिलेश ने दावा किया कि घटना की जानकारी होने पर सबसे पहले सपा का प्रतिनिधमंडल लोगों से मिलने उनके गांव बसवार गया। नावों की मरम्मत के लिए सपा ने मदद की है। आगे भी उनकी मदद की जाएगी।
इससे पहले लखनऊ से विशेष विमान से आए अखिलेश यादव सबसे पहले पूर्व केंद्रीय मंत्री सलीम शेरवानी के आवास गए। प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव पर पूर्व मंत्री के साथ चर्चा की। कार्यकर्ताओं को संबोधन में सपा अध्यक्ष ने भाजपा पर झूठ फैलाकर समाज को बांटने का आरोप लगाते हुए कहा कि सपा नफरत की दीवार तोड़ेगी और समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर चलेगी। विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा समेत कई पार्टियों के नेता के सपा में शामिल होने के संकेत देने के साथ पूर्व मुख्यमंत्री ने तेल मूल्य वृद्धि, कृषि कानून, बेरोजगारी, गंगा, बजट व निजीकरण पर केंद्र-प्रदेश सरकारों पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि दोनों सरकारें खास वर्ग को लाभ पहुंचाने के लिए काम कर रही हैं। पूर्व मुख्यमंत्री ने प्रयागराज में तोड़े जा रहे अवैध निर्माणों के लिए प्रदेश सरकार की आलोचना की।
घर और कार्यकर्ताओं के साथ मीटिंग के बाद अखिलेश पूर्व केंद्रीय मंत्री व पार्टी के वरिष्ठ नेता रामपूजन पटेल को श्रद्धांजलि देने उनके तेलियरगंज स्थित आवास गए। अखिलेश ने पूर्व केंद्रीय मंत्री को सभा में भी श्रद्धांजलि दी। तेलियरगंज के बाद इलाहाबाद विश्विविद्यालय छात्रसंघ की पूर्व अध्यक्ष ऋचा सिंह की मां को गोविंदपुर के कैलाशपुरी आवास पर श्रद्धांजलि दी। इसके बाद अखिलेश निजी विमान से लखनऊ लौट गए।