
KESHARI NEWS24
UP news
वाराणसी : भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष का जनपद में प्रथम आगमन , काशी क्षेत्र के आईटी एवं सोशल मीडिया कार्यकर्ताओं को करेंगे संबोधित
वाराणसी । भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा रविवार को मंडल अध्यक्ष व मंडल प्रभारियों की बैठक में हिस्सा लेंगे। बूथ कार्यसमिति को संबोधित करने के साथ ही राष्ट्रीय अध्यक्ष पड़ाव स्थित पं. दीनदयाल स्मृति स्थल पर आईटी, सोशल मीडिया कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। रोहनिया में बने काशी क्षेत्र व प्रयागराज के नव-निर्मित कार्यालय का उद्धाटन करेंगे। बैठक में भाग लेने के लिए पदाधिकारियों के पहुंचने का सिलसिला शनिवार शाम से ही शुरू हो गया।
भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष के प्रथम काशी आगमन को लेकर कार्यकर्ताओं में उत्साह है। नगर के प्रमुख चौराहों को जहां भव्य रूप दिया गया, वहीं उनके यात्रा मार्ग को पार्टी के झंडों से सजा दिया गया। भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा रविवार शाम 4.30 बजे काशी क्षेत्र के नव-निर्मित कार्यालय का शुभारंभ करेंगे, साथ ही वे यहीं से प्रयागराज कार्यालय का वर्चुअल माध्यम से उद्धाटन करेंगे। बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, उप-मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्या, प्रदेश भाजपा संगठन महामंत्री सुनील बंसल सहित चंदौली सांसद डा. महेंद्र नाथ पांडेय व अमेठी सांसद स्मृति ईरानी की भी उपस्थिति रहेगी। तैयारियों को अंतिम रूप देते हुए भाजपा प्रदेश सह-प्रभारी सुनील ओझा, प्रदेश सह-संगठन महामंत्री भवानी सिंह, काशी क्षेत्र के प्रभारी व सांसद सुब्रत पाठक व क्षेत्रीय अध्यक्ष महेश चंद श्रीवास्तव ने पार्टी कार्यकर्ताओं को आवश्यक निर्देश दिए।
भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा सोमवार सुबह नौ बजे श्री काशी विश्वनाथ व बाबा कालभैरव का दर्शन करेंगे। सुबह 10 बजे मध्यमेश्वर मंडल स्थित बूथ संख्या 251 कतुआपुरा की बूथ कार्यसमिति की बैठक में भाग लेंगे। इसके बाद वे पडाव स्थित पं दीनदयाल उपाध्याय स्मृति स्थल जाएंगे, जहां पं. दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर स्मृति स्थल का भ्रमण करेंगे। यहीं पर सुबह 11.30 बजे से काशी क्षेत्र के आईटी एवं सोशल मीडिया कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। वहीं दोपहर एक से काशी क्षेत्र के मंडल अध्यक्ष व मंडल प्रभारी की बैठक में भाग लेंगे।