Headlines
चंदौली : सांसद ने 2.93 करोड़ की लागत से बने कैथी-टांडा पीपा पुल का किया लोकार्पण , अब जनपदवासियों को मिलेगा राहत

चंदौली : सांसद ने 2.93 करोड़ की लागत से बने कैथी-टांडा पीपा पुल का किया लोकार्पण , अब जनपदवासियों को मिलेगा राहत

चंदौली । केंद्रीय कौशल विकास व उद्यमशीलता मंत्री और सांसद डा. महेंद्रनाथ पांडेय ने बुधवार को टांडाकला-कैथी पीपा पुल का वीडियो कांफ्रेंसिग के जरिए लोकार्पण किया। 2.93 करोड़ की लागत से 600 मीटर लंबा पीपा पुल का निर्माण कराया गया है। इससे जनपदवासियों को काफी राहत मिलेगी। उन्हें कैथी जाने के लिए अब वाराणसी के चौबेपुर का चक्कर नहीं काटना होगा।

कैथी जाने के लिए जनपदवासियों को बलुआ पुल से होते हुए वाराणसी के चौबेपुर से जाना पड़ता था। इससे करीब 10 किलोमीटर से अधिक दूरी बढ़ जाती थी। ऐसे में टांडाकला और कैथी के बीच गंगा नदी पर पीपा पुल निर्माण की मांग पिछले काफी दिनों से उठ रही थी। केंद्रीय मंत्री की पहल पर लोक निर्माण विभाग वाराणसी ने पीपा पुल का निर्माण कराया। 600 मीटर लंबे पुल के निर्माण में 105 पीपा लगाए गए हैं। वहीं 20 पीपा रिजर्व में रखे गए हैं। नदी का जलस्तर बढ़ने पर इन्हें लगाया जाएगा। पुल की चौड़ाई लगभग साढ़े चार मीटर है। ऐसे में आसानी से चार पहिया वाहन भी गुजर सकेंगे। लोगों ने केंद्रीय मंत्री की पहल की सराहना की। डाक्टर पांडेय ने कहा, क्षेत्र की जनता से जो वादा किया था वह आज पूरा हो गया। संसदीय क्षेत्र के विकास का प्रयास सदैव जारी रहेगा। केंद्र व प्रदेश सरकारें चौतरफा विकास के मुद्दे पर काम कर रही हैं। हाल के दिनों में तमाम परिवर्तन हुए हैं। सड़कों की हालत में सुधार हुआ है।

 वहीं कई ओवरब्रिज समेत अन्य परियोजनाओं का तेजी से काम हो रहा है। इनके पूरा होने के बाद लोगों को काफी सहूलियत होगी। डीएम संजीव सिंह, चकिया विधायक शारदा प्रसाद, भाजपा जिलाध्यक्ष अभिमन्यु सिंह, हंसराज विश्वकर्मा, सर्वेश कुशवाहा, राजकिशोर सिंह, अनिल सिंह, राणाप्रताप सिंह, सुर्यमुनी तिवारी, जितेंद्र पांडेय, हरिवंश उपाध्याय, राजेन्द्र पांडेय आदि मौजूद थे।

Related Articles