
National
आगरा : एएसआइ में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर महिलाओ को तोहफ़ा , बिना टिकट के ताजमहल देख सकेंगी महिलाएं
आगरा । भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआइ) ने महिलाओं को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर शानदार तोहफा दिया है। आठ मार्च को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर देश के सभी स्मारकों में महिलाओं को निश्शुल्क प्रवेश मिलेगा। इसके लिए आदेश जारी कर दिया गया है। पिछले वर्ष ही इसकी शुरुआत की गई थी।
आठ मार्च को दुनियाभर में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस मनाया जाता है। पिछले वर्ष एएसआइ ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर महिलाओं को स्मारकों में निश्शुल्क प्रवेश दिया था। इस बार भी आठ मार्च को महिलाओं के लिए सभी स्मारक निश्शुल्क रहेंगे। एएसआइ के ज्वाइंट डायरेक्टर जनरल (मान्यूमेंट्स) एम. नांबिराजन ने इसके लिए आदेश जारी कर दिया है। एएसआइ द्वारा संरक्षित सभी स्मारकों और पुरातात्विक स्थलों में भारतीय और विदेशी महिला पर्यटकों को निश्शुल्क प्रवेश दिया जाएगा। अधीक्षण पुरातत्वविद वसंत कुमार स्वर्णकार ने बताया कि विगत वर्ष की तरह इस वर्ष भी आठ मार्च को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर सभी स्मारकों में महिलाओं को निश्शुल्क प्रवेश दिया जाएगा।