
UP news
बलिया : छत की ढलाई के दौरान सरिया उतरा में करेंट, एक मजदूर की मौत और तीन झुलसे
बलिया। उभांव थाना के फरसाटार बऊल्डी गांव में बुधवार की देर रात करीब साढ़े नौ बजे के आसपास छत ढलाई के लिए सरिया बांध रहे मजदूरों को 11 हजार का करेंट लग गया। जिससे कन्हैया राम (19) की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि तीन अन्य मजदूर शैलेश (23), सत्यवान तुरहा (22) और मोहित चौहान (25) भी झुलस गए। जिससे मौके पर हड़कंप मच गया। घायलों को इलाज के लिए देर रात इलाज के लिए सीयर सीएचसी भर्ती कराया गया। जहां चिकित्सकों ने कन्हैया को मृत घोषित कर दिया।
जबकि अन्य मजदूरों की हालत खतरे से बाहर बताते हुए चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। गांव में विजई चौहान के घर रात में छत की ढलाई के लिए शटरिंग का कार्य हो रहा था और करीब चार मजदूरों द्वारा सरिया बांधा जा रहा था। कन्हैया नीचे से करीब 18 फीट लंबा सरिया सीधा कर छत पर अन्य मजदूरों को दे रहा था। इस बीच पास से गुजर रही 11 हजार वोल्ट तार में सरिया सीधे सट गया और विद्युत करेंट से कन्हैया की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि छत पर काम कर रहे अन्य मजदूर करेंट से झुलस गए। जिन्हे सीयर अस्पताल लाया गया। घटना के बाद चीख पुकार मच गई और कन्हैया के मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
घर के छत ढलाई की तैयारी के लिए सेटरिंग कराने वाला ठेकेदार गांव फरसाटार बाऊल्डी का ही था। जिसके कारण घटना के अगले दिन गुरुवार को करीब छ घंटे तक जमकर मान मनव्वल और पंचायत होता रहा। जिसमें ठेकेदार पक्ष काफी हद तक सफल रहा। जिसके कारण शव का पोस्टमार्टम तक नहीं होने दिया गया। परिजनों को साढ़े तीन लाख रुपए की सहायता देने का भरोसा देकर लोगों ने पुलिस को भी पंचनामा कर शव परिजनों को देने पर राजी कर लिया और दोपहर बाद आनन फानन में शव का अंतिम संस्कार भी कर दिया गया। इधर इस निर्णय की जानकारी कन्हैया के घर की महिलाओं को दोपहर बाद तक नहीं रहा।
दो भाई, दो बहनों में कन्हैया सबसे छोटा था। बड़ी बहन माया की ही अब तक शादी हुई है। जबकि छोटी बहन नीतू, बड़े भाई किशन अविवाहित है। कन्हैया सबसे छोटा था और परिवार की माली हालत ठीक न होने के कारण पिता की मजदूरी में हाथ बंटाता था।