National
तौकते चक्रवात के बढ़ते खतरे पर गृहमंत्री अमित शाह ने बुलाई मुख्यमंत्रियों की बैठक
नई दिल्ली। तौकते चक्रवात के खतरे देखते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को गुजरात, महाराष्ट्र और केंद्र शासित प्रदेश दमन और दीव और दादर और नगर हवेली के मुख्यमंत्रियों के साथ समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। इस दौरान उन्होंने चक्रवाती तूफान तौकते से निपटने के लिए तैयारियों का आकलन किया। अमित शाह ने चक्रवात से निपटने के लिए संबंधित एजेंसियों के उपायों और योजनाओं और इससे उत्पन्न स्थिति का जायजा भी लिया। आपको बता दें कि चक्रवात तौकते भारी तबाही मचा रहा है। पिछले 24 घंटों के दौरान कर्नाटक में चक्रवात की वजह से हुई तेज बारिश से अलग-अलग घटनाओं ( उत्तरा कन्नड़, उडुपी, चिक्कमगलुरु और शिवमोगा में ) चार लोगों की मौत हो गई।
भारत मौसम विज्ञान विभाग ( IMD ) के राष्ट्रीय मौसम पूर्वानुमान केंद्र की ओर से बताया गया कि पूर्वी मध्य अरब सागर के ऊपर तौकते के अगले 24 घंटों में और तेज होने की संभावना है। चक्रवात के उत्तर-उत्तर-पश्चिम की ओर बढऩे और 17 मई की शाम को गुजरात तट पर पहुंचने और 18 मई की सुबह के आसपास पोरबंदर और महुवा (भावनगर जिला) के बीच गुजरात तट को पार करने की संभावना है।
आईएमडी के अनुसार पिछले 6 घंटों की बात करें तो चक्रवात इस दौरान लगभग 11 किमी प्रति घंटे की गति के साथ उत्तर की ओर बढ़ा है। तौकाते रविवार को सुबह 5.30 बजे पूर्वी मध्य अरब सागर पर अक्षांश 15.0 डिग्री उत्तर और देशांतर 72.7 डिग्री पूर्व, पंजिम से लगभग 130 किमी पश्चिम-दक्षिण पश्चिम में केंद्रित था। गोवा, मुंबई से 450 किमी दक्षिण में, वेरावल (गुजरात) से 700 किमी दक्षिण-दक्षिण पूर्व और कराची (पाकिस्तान) से 840 किमी दक्षिण-पूर्व में है।
वहीं, कोझीकोड के बेपोर बंदरगाह से 15 मछुआरों के लापता होने की खबर सामने आई है; ये मछुआरे पांच मई को समुद्र में उतरे थे। सभी मछुआरे तमिलनाडु के मूल निवासी बताए जा रहे हैं। जानकारी के अनुसार 5 मई को बेपोर के तट से रवाना हुई 'अजमीर शा' नाव लापता है। इसके साथ ही नाव पर सवार मछुआरों की भी कोई खबर नहीं है।