Headlines
Loading...
कानपुर : अवैध उगाही के चलते घाट के पंडा और बहू ने जलायी नाविक की नाव

कानपुर : अवैध उगाही के चलते घाट के पंडा और बहू ने जलायी नाविक की नाव

कानपुर । फीलखाना थाना क्षेत्र स्थित भगवत दास घाट के पंडा और उसकी बहू की प्रताड़ना से घाट पर काम करने वाले कर्मचारी काफी परेशान है। आरोप है कि पंडा और उसकी बहू की उगाही इस कदर परवान चढ़ी है, कि उनका विरोध करने पर किसी को भी जान से मारने की धमकी मिलती है या फिर उसका नुकसान कर दिया जाता है। ताजा मामला उस वक्त प्रकाश में आया जब एक नाविक ने कमाई का आधा पैसा देने से मना कर दिया तो इन लोगों की शह पर नाव को जला दिया गया।

 पीड़ित अब न्याय के लिए प्रशासन से गुहार लगाता घूम रहा है। भगवदास घाट के किनारे रहने वाला सोनू निषाद नाव चलाकर अपना और परिवार का भरण पोषण करता है। उसका आरोप है कि रोजाना की तरह जब रविवार को नाव चलाने के लिए पहुंचा तो देखा कि घाट के किनारे उसकी नाव नहीं है। 

इससे वह घबरा गया और नदी किनारे मौजूद लोगों से नाव के बारे में पूछा, लेकिन किसी ने भी इसका जवाब नहीं दिया। इसके बाद वह अपने नाव की खोजबीन करने लगा। काफी देर बाद नदी के उस पार नाविक की नाव जली हालत में मिली तो वह दहाड़ मारकर रोने लगा कि दबंगों की उगाही के कारण उसकी रोजी-रोटी छीन ली गयी। पीड़ित सोनू का आरोप यह है कि उसकी नाव किसी और ने नहीं बल्कि घाट पर मकान बनाकर रहकर खुद को पंडा बताने वाले सुरेश और उसकी बहू प्रियंका की शह पर नाव को जलाया दिया गया है। 

उसने इस मामले को लेकर पुलिस और प्रशासन से गुहार लगायी है कि उसे न्याय दिलाया जाये। इस घटना के संबंध में थाना प्रभारी सतीश चन्द्र साहू का कहना है कि घाट पर नाव को जलाने की घटना उनके संज्ञान में आयी है। अभी तक पीड़ित की ओर से कोई भी तहरीर नहीं मिली है। अगर मिलती है तो पीड़ित नाविक को जरुर न्याय दिलाया जायेगा। फिलहाल पुलिस की टीम नाव में लगी आग के कारणों की जानकारी कर रही है।