
UP news
महराजगंज : ग्रामीण क्षेत्र में तेंदुए ने फिर मचाया आतंक, बकरी को बनाया अपना शिकार
महराजगंज । निचलौल रेंज के सदर उत्तरी बीट के जंगल से गुरुवार की आधी रात में भटककर एक तेंदुआ बगल के लेदी गांव में घुस गया। झोपडी में बांधी गई रीता की बकरी को शिकार बना लिया। तेंदुए के आने की आहट पर जगे ग्रामीणों ने टार्च जलाकर शोर मचाया, तब जाकर तेंदुआ केले की खेत की ओर भागा। गांव में तेंदुए के आने से लेदी व रामचंद्रही गांव के किसान सब्जी के खेतों की रखवाली करने जाने से कतरा रहे हैं।
लेदी गांव से पश्चिम श्रीकिशुन की छावनी है। यहां 12 एकड़ खेत में केला की खेती की गयी है। जंगल से भटककर केले के खेत में रात में तेंदुआ चला आया और उसकी थोड़ी दूरी पर गांव के बाहर रीता नामक महिला की झोपड़ी में बांधी गई बकरी को दबोच लिया। गॉव में तेंदुए के आने की सूचना पर ग्रामीणों ने टार्च जलाकर शोर मचाया। ग्रामीणों के शोर मचाने पर तेंदुआ श्रीकिशुन के केला के खेत में चला गया।
केले के खेत में ही तेंदुए ने बकरी का अवशेष छोड़ दिया था। बकरी के अवशेष को सुबह ग्रामीणों ने खेत में देखा है। इस दौरान खेत में उसके पदचिह्न भी देखे गए हैं। ग्रामीणों ने इसकी सूचना वनकर्मियों को भी दी है। इसके दो महीने पहले भी जंगल से आये तेंदुए ने केला की रखवाली करने वाले एक किसान के बकरे को शिकार किया था। आबादी में बार-बार तेंदुए के आने से हरी सब्जी की खेती करने वाले किसान खेत की रखवाली करने से कतरा रहे हैं।
जंगल के आसपास के गांवों में तेंदुए के अक्सर भटककर आने की संभावना बनी रहती है। इसको लेकर ग्रामीणों को समय-समय पर सतर्क किया जाता है। ग्रामीणों को चाहिए कि जंगली जानवरों से बचाने के लिए अपने बच्चों व पालतू जानवरों को घर के अंदर सुरक्षित स्थान पर ही रखें। जंगली जानवर से बचने के लिए सभी की जागरूकता जरूरी है।