Headlines
Loading...
मेरठ : मकान की छत गिरने से महिला व तीन बच्चों की मौत

मेरठ : मकान की छत गिरने से महिला व तीन बच्चों की मौत

मेरठ : पश्चिमी उत्तर प्रदेश में दो दिन से हो रही बारिश कहर बरपाने लगी है। शामली में तेज बारिश में गुरुवार की सुबह एक मकान की छत गिरने से महिला और तीन बच्चों की मौत हो गई। मेरठ में एक तबेले की छत गिरने से लगभग आठ पशुओं की जान चली गई। शामली नगर के मोहल्ला कलंदर शाह पंसरियान निवासी शाहिद अपनी पत्नी अफसाना, बेटे साहिल व सुहेल, बेटी सानिया व इरम के साथ रहता है।

 बुधवार की रात सभी कमरे में सोए हुए थे। गुरुवार की सुबह बारिश के कारण अचानक कमरे की कच्ची छत गिर गई। छत के मलबे में पूरा परिवार दब गया। चीख-पुकार सुनकर लोग पहुंचे और घायलों को बाहर निकाला। सभी को शामली के राजकीय चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। जहां डाॅक्टरों ने अफसाना, सुहेल, सानिया व इरम को मृत घोषित कर दिया। जबकि शाहिद व साहिल को गंभीर हालत में हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया। सूचना पर एसडीएम सदर संदीप कुमार व कोतवाली इंस्पेक्टर सत्यपाल सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों को हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया। 


परिजनों ने शवों का पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया और अपने घर ले आए। उधर मेरठ जनपद मेें सरूरपुर थाना क्षेत्र के खिवाई गांव में एक तबेले की छत गिर गई। मेहरबान के तबेले की छत काफी समय से जर्जर थी। बुधवार से हो रही बारिश से गुरुवार को उसके तबेले की छत गिरने से कई पशु दब गए। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और मलबे को हटाते हुए मवेशियों को बाहर निकाला। तब तक लगभग आठ पशुओं की मौत हो चुकी थी। मेहरबान ने प्रशासन से मुआवजे की मांग की है।