
Covid-19
UP: लखनऊ में कोरोना मरीजों का उतार-चढ़ाव जारी, अब तक 3125 नए लोग पॉजिटिव।
लखनऊ। कोरोना मरीजों की संख्या में उतार-चढ़ाव जारी है। करीब 25 दिन बाद कोरोना मरीजों की संख्या 3500 से नीचे पहुंची है। शनिवार को 3125 लोग वायरस की जद में आ गए हैं। इनमें 100 से ज्यादा मरीजों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बाकी मरीजों ने होम आइसोलेशन में रहने का फैसला किया है।
कोरोना की दूसरी लहर में मरीजों की मौत का ग्राफ तेजी से बढ़ा है। 34 मरीजों की मौत ने स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ा दी है। इनमें युवाओं की संख्या भी काफी है। वहीं पुरानी बीमारी से पीड़ितों ने भी दम तोड़ दिया है। डॉक्टरों का कहना है कि काफी मरीज गंभीर अवस्था में अस्पताल आ रहे हैं। समय पर मुकम्मल इलाज न मिलने से स्थिति बिगड़ रही है।
घटती मरीजों की संख्या। ठीक होते मरीजों ने हालात धीरे-धीरे सामान्य होने की ओर संकेत कर रहे हैं। संक्रमितों से ज्यादा मरीज ठीक हो रहे हैं। 6189 मरीजों ने वायरस को मात देने में कामयाबी हासिल की है। वहीं राजधानी में सक्रिए मरीजों का ग्राफ 41042 बचा है। लगातार सक्रिए मरीज कम होने से डॉक्टरों ने राहत की सांस ली है।
अस्पतालों में मरीजों का दबाव लगातार बना हुआ है। छोटे अस्पतालों में कोरोना मरीजों की भर्ती प्रभावित होने का फर्क बड़े अस्पतालों पर पड़ रहा है। मरीजों का दबाव केजीएमयू, बलरामपुर, लोहिया व लोकबंधु जैसे अस्पतालों पर पड़ रहा है। मरीजों की कतार लगी है। ऑक्सीजन की किल्लत से छोटे अस्पताल सभी बेड पर मरीज भर्ती नहीं कर पा रहे हैं। मरीज भटक रहे हैं।