
UP news
मिर्जापुर : जिले के दौरे पर बोले उपमुख्यमंत्री , जनसंख्या नियंत्रण कानून को लेकर चल रहा विचार
मिर्जापुर । जनसंख्या नियंत्रण पर सरकार नया कानून ला सकती है। इस पर मंथन चल रहा है। जल्द ही इस कानून पर निर्णय लिया जाएगा। जनसंख्या कम होने से देश की स्थिति और सुधरेगी। रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। लोगों का जीवन बेहतर होगा। आर्थिक मामलों में बोझ कम पडे़गा और देश तेजी से विकास करेगा। मुख्यमंत्री इस पर मंथन कर रहे हैं। विशेषज्ञों से राय ली जा रही है। सहमति बनते ही यह कानून लाया जाएगा।
ये बातें उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्या ने मीडिया से बातचीत करते हुए कही। उन्होंने कहा कि सरकार निश्चित रूप से लोगों के भविष्य को उज्जवल बनाना चाहती है। इसके लिए हर संभव प्रयास कर रही है। आने वाले समय में सरकार और बेहतर कार्य करेगी जिससे देश और प्रदेश का तेजगति से विकास हो सके। मुख्यमंत्री योगी से बेहतर रिश्ते, लोग बेवजह उड़ा रहे अफवाह
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्या ने कहा कि मुख्यमंत्री से उनके बेहतर रिश्ते हैं। वे एक अच्छे इंसान हैं। हर किसी की बात सुनते हैं। उसपर अमल भी करते हैं। लोग बेवजह की बातों का अफवाह उड़ाकर सरकार को बदनाम करना चाहते हैं। आने वाले समय में योगी के नेतृत्व में ही चुनाव लड़ा जाएगा। यही नहीं, पूर्ण बहुमत की सरकार बनेगी।