
National
कोलकाता: बंगाल चुनाव में प्रचंड जीत के बाद पहली बार दिल्ली दौरे पर जाएंगी ममता, पीएम मोदी व राष्ट्रपति से भी करेंगी मुलाकात।
कोलकाता। बंगाल विधानसभा चुनाव में प्रचंड जीत के बाद मुख्यमंत्री व तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी पहली बार अगले कुछ दिनों में दिल्ली के दौरे पर जाएंगी। ममता ने गुरुवार को खुद इस बात की जानकारी दी। साथ ही बताया कि वह दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद से भी मुलाकात करेंगी। ममता ने यहां पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि संसद के मानसून सत्र के दौरान वह दिल्ली जाएंगी। इस दौरान कुछ नेताओं से मिलूंगी।
अगर समय दिया गया तो वो पीएम मोदी और राष्ट्रपति से भी मिलेंगी। कहा जा रहा है कि ममता दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के प्रमुख शरद पवार, दिल्ली के मुख्यमंत्री व आम आदमी पार्टी के प्रमुख अरविंद केजरीवाल समेत तमाम विपक्षी नेताओं से मुलाकात कर सकती हैं। बता दें कि बंगाल और केंद्र सरकार के बीच के रिश्ते बेहद तनाव पूर्ण रहे हैं। बंगाल में हुए विधानसभा चुनाव के बाद हुई हिंसा के बाद खटास और बढ़ गई है। बता दें कि पांच मई को मुख्यमंत्री की कुर्सी संभालने के बाद ममता का यह पहला दिल्ली दौरा होगा।
बंगाल में भाजपा को सत्ता से दूर रखकर ममता ने विपक्षी मोर्चे में एक बड़ी भूमिका निभाने की अटकलों को हवा दे दी है। दरअसल, पिछले कुछ दिनों में चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर ने शरद पवार और राहुल गांधी से अलग अलग मुलाकात की है। इन मुलाकातों के बाद भाजपा के खिलाफ विपक्ष के मोर्चेबंदी को हवा मिली है। इधर, ममता के इस दौरे को 2024 के चुनाव की तैयारी से जोड़कर भी देखा जा रहा है।