
आगरा। कोरोना संक्रमण की रफ्तार थम चुकी है। पिछले 24 घंटे में एक नया संक्रमित और मिला है। दो मरीज ठीक भी हुए हैं। जिले में 56 सक्रिय मरीज हैं। गुरुवार को एक और संक्रमित की मौत से मृतक संख्या 455 हो गई। ताजनगरी में तीन दिन बाद एक मरीज मिला है। पिछले दो दिनों से संक्रमण शून्य रहा। कोई नया मरीज नहीं मिला था। जिले में गुरुवार को 7,832 लोगों की जांच की गई है। जिले में अब 56 सक्रिय मरीज हैं। 455 मरीजों की मौत हो चुकी है।
गुरुवार तक 12.37 लाख लोगों की जांच हो चुकी है। जिनमें कुल 25,715 मरीज मिले। 25,205 मरीज ठीक हो गए हैं। मरीजों के स्वस्थ होने की दर 98.01 फीसदी है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बाह क्षेत्र में गुरुवार को रिकॉर्ड 1237 लोगों को टीके लगे। सीएचसी अधीक्षक डॉ. जितेंद्र वर्मा ने बताया कि इस दौरान 172 मरीजों की कोरोना की जांच भी हुई। जिनमें कोई पॉजिटिव नहीं निकला है। कोरोना वायरस की दूसरी लहर थमने से आठ कॉलोनियों में संक्रमण की चेन टूटी है।
कुल संक्रमितों में से 55 से 60 फीसदी मरीज इन्हीं आठ कॉलोनियों में मिले थे। राहत की बात है कि बीते 15 दिन में इक्का-दुक्का ही संक्रमित मिले हैं। सीएमओ डॉ. आरसी पांडेय ने बताया कि दूसरी लहर में 15200 मरीज संक्रमित हुए। इनमें से 7750 मरीज दयालबाग, कमला नगर, आवास विकास कॉलोनी, खंदारी, सिकंदरा, ताजगंज, बल्केश्वर और शाहगंज में ही मिले हैं।
पहली लहर में भी यही स्थिति रही और कुल संक्रमित मिले 10 हजार में से 5300 मरीज इन्हीं आठ कॉलोनियों में पाए गए थे। हर दिन इनमें कोरोना वायरस के मामले मिल रहे थे। अब बीते दो सप्ताह से इन आठ कॉलोनियों में 10 से भी कम मरीज मिले हैं।
जिला टीकाकरण प्रभारी डॉ. संजीव वर्मन ने बताया कि संक्रमण की दर इन आठ कॉलोनियों में सबसे ज्यादा थी, ऐसे में यहां के लोगों में टीकाकरण की दर भी अधिक है। शहर में टीकाकरण में यह कॉलोनियां सबसे आगे हैं।