
UP news
75th Independence Day: आगरा में शान से लहराया तिरंगा, दी गई राष्ट्रध्वज को सलामी
आगरा : नागरिकों के लिए स्वतंत्रता दिवस इसलिए भी खास है कि पूरा देश अपनी आजादी की 75वीं वर्षगांठ के अवसर पर अमृत महोत्सव मना रहा है। इस राष्ट्रीय पर्व का उत्साह सुबह से ही नजर आ रहा है। लोगों में देशभक्ति की भावना झलक रही है। शहर में सरकारी इमारतों से लेकर चौराहों तक को सजाया गया है। जगह-जगह राष्ट्र गान की धुन सुनाई दे रही है और आसमान में शान से तिरंगा लहरा रहा है। कोरोना वायरस संक्रमण के चलते कोविड प्रोटोकॉल का भी पूर्ण पालन होता नजर आया।
कोविड प्रोटोकाल के बीच रविवार को 75वां स्वतंत्रता दिवस मनाया जा रहा है। सरकारी और गैर सरकारी कार्यालयों में झंडारोहण शुरू हो गया है। कलक्ट्रेट पर सुबह ठीक आठ बजे डीएम प्रभु एन सिंह ने ध्वजारोहण किया। इस दौरान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी भी मौजूद रहे। सभी लोग मास्क लगाकर और दो गज की शारीरिक दूरी का पालन करते नजर आए। कलक्ट्रेट, मंडलायुक्त कार्यालय, पुलिस लाइन, जिलाधिकारी आवास, नगर निगम, आंबेडकर विवि, एलआईसी, आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पर भव्य सजावट की गई है और स्वतंत्रता दिवस समारोह में लोग शामिल हुए हैं।