
UP news
मथुरा : श्रीकृष्णा जन्माष्टमी में जश्न, उमडे़ श्रद्धालु, सीएम योगी कार्यक्रम होंगे शामिल
मथुरा । महायोगी श्रीकृष्ण का 5248वां प्राकट्योत्सव के लिए उनकी जन्मस्थली में आतुरता परवान चढ़ने लगी है। जन्मोत्सव के इन दुर्लभ पलों में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ यहां मौजूद रहेंगे। वे रामलीला मैदान में तैयार किए गए विशाल मंच से श्रद्धालुओं को संबोधझित करेंगे।
बताते चलें कि इस बार समूचे देश में जन्माष्टमी का त्योहार एक ही दिन मनाया जा रहा है। सोमवार को अष्टमी तिथि के साथ-साथ रोहिणी नक्षत्र में कान्हा का जन्माभिषेक होगा। इसके साथ ही सर्वाथ सिद्धी व जयंती योग का महासंयोग भी बन रहा है, जो 27 वर्ष बाद संभव हुआ है। चन्द्राम भी अपनी उच्च राशि में होंगे। निशीथ बेला में रात के 12 बजे श्रीकृष्ण जन्मस्थान के गर्भगृह व भागवत भवन में ठाकुरजी का जन्माभिषेक होगा। ऐसा संयोग द्वापर में भी बना था, इसलिए इस जन्माष्टमी का विशेष महत्व माना जा रहा है। ऐसे में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी यहां ठाकुरजी के दर्शन करने पहुंच रहे हैं। वे रामलीला मैदान में तैयार किए गए विशेष मंच से श्रद्धालुओं को संबोधित करेंगे। जिला प्रशासन व नगर निगम ने जन्माष्टमी को लेकर विशेष इंतजाम किए हैं। व्यवस्थाओं की दृष्टि से समूचे शहर को तीन जोन व 17 सैक्टर में बांटा गया है। यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए नगर निगम ने शहर में प्रवेश करने वाले प्रमुख मार्गों पर 14 पार्किंग स्थलों का निर्माण किया है।
महायोगी श्रीकृष्ण के जन्माभिषेक के लाइव प्रसारण के लिए दूरदर्शन व आकाशवाणी की टीमों तैयारियां पूर्ण कर ली हैं। इसके अलावा इलैक्ट्रॉनिक मीडिया ने भी डेरा डाल दिया है। सोशल मीडिया पर कई दिनों से जन्माष्टमी की तैयारियां छायी हुई हैं। इधर, शहर के प्रमुख चौराहों के साथ-साथ जन्मस्थान की ओर जाने वाले प्रमुख मार्गों की विशेष सजावट की गयी है। विद्युतीय प्रकाश व चुनरियों की सजावट से चौराहे-तिराहे दुल्हन की तरह सजे हुए हैं। उधर, समूचे शहर में भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं को प्रदर्शित करते छोटे-छोटे मंच और सेल्फी प्वाइंट भी बनाए गए हैं, ये श्रद्धालुओं के लिए सबसे ज्यादा आकर्षण का केन्द्र बने हुए हैं। सोमवार को सुबह से ब्रजवासियों द्वारा श्रद्धालुओं के स्वागत में भंडारों का संचालन प्रारंभ कर दिया जाएगा।
कान्हा के जन्माभिषेक के पल जैसे-जैसे करीब आ रहे हैं, वैसे-वैसे मथुरा में श्रद्धालुओं के रेला बढ़ता जा रहा है। जन्मोत्सव की पूर्व संध्या पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ के चलते जन्मस्थान के मुख्य द्वार पर भक्तों की लंबी कतारें लग गयीं। इसके चलते भक्तों को लंबी प्रतीक्षा के बाद प्रवेश मिल सका। शहर की सड़कों के साथ-साथ आसपास की कालोनियों में भी श्रद्धालुओं के टोल नजर आ रहे हैं। हालत ये ही कि जिसको जहां जगह मिल रही है, वह वहीं पर अपना डेरा डाल रहा है।
कृष्ण जन्मोत्सव की लालसा में उमड़ रहे भक्तों के रेले को देखते हुए इसी से अंदाजा लगाया जा सकता है कि मथुरा जंक्शन रेलवे स्टेशन, छावनी रेलवे स्टेशन, नया व पुराना बस स्टैंडों पर दिनभर भीड़ का रेला रहा। यही नहीं निजी वाहनों व बसों के आगमन का दौर भी तेज हो गया। इसके चलते जन्मस्थान के यलो जोन श्रद्धालुओं की भीड़ से अटा रहा। सिर पर गठरी लिए महिला-पुरुष वृद्ध, जवान व बच्चों की भीड़ जगह-जगह नजर आ रही थी। भक्तों का यह रेला भारत विख्यात द्वारिकाधीश मंदिर और वृंदावन के बांके बिहारी मंदिर में भी रहा। इसके चलते बार-बार शहर के प्रमुख मार्गों पर जाम के हालात बने रहे। जाम को देखते हुए पुलिस प्रशासन को यलो जोन में चौपहिया वाहनों व ऑटो-बैटरी रिक्शा के प्रवेश पर पाबंदी लगानी पड़ी। इसके बाद भी भक्तों का रेला बढ़ता जा रहा था। चहुंओर उल्लास और उमंग का वातावरण बना हुआ था। विद्युतीय प्रकाश और शहर के प्रमुख चौराहों की साज-सज्जा देख भक्त भाव-विभोर हो रहे थे। जिला प्रशासन को इस बार श्रद्धालुओं के अच्छी संख्या में आने की उम्मीद है।
अजन्मे के जन्मोत्सव को लेकर जहां देश-दुनियां से आने वाले श्रद्धालुओं में उल्लास और उमंग परवान चढ़ रहा है, वहीं ब्रजवासी अपने आराध्य के जन्मोत्सव के जश्न में कहीं भी कोई कोर-कसर छोड़ते नजर नहीं आ रहे। घर-घर में कान्हा का जन्मोत्सव मनाने की तैयारियां चल रही हैं। घरों के मंदिरों की साफ-सफाई व साज-सज्जा की जा रही है। गुब्बारों और चुनरियों से घरों को सजाया व संवारा जा रहा है।
जन्माष्टमी की पूर्व संध्या का दिन ब्रजवासियों ने कान्हा के जन्मोत्सव की तैयारियों में गुजारा। ठाकुरजी की नवीन पोशाक, मोर-मुकुट, हिंडोले खरीदने के लिए बाजारों में भारी भीड़ रही। ब्रजवासी इस दिन उपवास रखते हैं। पाक-पंजीरी भी तैयार हो रहे हैं। सोमवार को सुबह से फूल-माला, वंदनवार आदि की खरीददारी भी तेज हो जाएगी। घरों से साथ-साथ प्रतिष्ठानों पर भी वंदनवार सजायी जाएगी। उपवास की सामिग्री के साथ-साथ फलों की भी जमकर बिक्री हो रही है। लोग लड्डू गोपाल की प्रतिमाएं भी खरीद रहे हैं। पंचामृत की सामिग्री जुटा ली गयी है। उल्लास और उमंग चहुंओर बिखर रही है। कोरोना संक्रमण के चलते गतवर्ष कान्हा का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाने से वंचित रहे ब्रजवासी इस बार कोई भी कसर नहीं छोड़ रहे हैं। शंख-घंटे के साथ-साथ जन्मोत्सव के लोग गीतों की धुन पर भक्त समूह थिरक रहा है।