
UP news
यूपी: ओवरलोडेड वाहनों पर नहीं लगा कोई लगाम, भदोही हाईवे पर शनिवार को सुबह छह बजे से एक लेन हुआ ठप।
भदोही। ओवरलोड ट्रकों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान का कोई प्रभाव देखने को नहीं मिल रहा है। बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल से ओवरलोडेड ट्रकों का आवागमन जारी है। पड़ोसी जनपद रामपुर की गड्ढों वाली सड़क यातायात में बाधक बनी है। इसके कारण आए दिन जाम की समस्या उत्पन्न हो रही है। शनिवार को सुबह छह बजे से एक लेन ठप हुआ तो दोपहर 12 बजे तक वाहनों के पहिए जाम रहे। इस बीच धौरहरा पुल से रामपुर तक व इंदिरा मिल चौराहे तक ट्रकों की कतार लगी रही। पुल के पास सड़क के गड्ढों में ट्रक फंसने के कारण समस्या उत्पन्न हुई थी। जेसीबी से ट्रक को किनारे किया गया तब कहीं जाकर आवागमन बहाल हो सका।
वहीं धौरहरा पुल से रामपुर (जौनपुर) तक 10 किमी क्षेत्र में सड़क पूरी तरह गड्ढों में तब्दील हो चुकी है। बावजूद इसके बड़े वाहनों का तांता लगा रहता है। विशेषकर दूसरे प्रांतों से आने वाले ओवरलोडेड ट्रकों की भरमार हो गई है। ओवरलोडेड ट्रकों के खिलाफ चलाए जा रहा अभियान भी बेअसर साबित हो रहा है। पिछले दिनों पचवल में ट्रक फंसने के कारण जाम की समस्या उत्पन्न हुई थी तो शनिवार को बिहार से सुल्तानपुर को जा रहा ट्रक धौरहरा पुल के पास फंस गया। इस बीच वाहनों के पहिए ठिठके तो कतार लंबी होती गई। हाईवे पर ट्रकों की कतार लगी रही जबकि छोटे वाहनों को जैसे-तैसे पास कराया जा रहा था। रामपुर से भदोही तक सड़क गड्ढों में तब्दील होने के कारण आए दिन ट्रक फंस जाते हैं जिससे जाम की समस्या उत्पन्न हो जाती है।
बता दें कि शासन की सख्ती के बाद गजिया ओवरब्रिज निर्माण कार्य में तेजी आ गई है। निर्माण कार्य में आने वाली विभिन्न बाधाओं से मुक्ति मिलने के बाद निर्माण एजेंसी जोर शोर से काम करा रही है। दो पिलरों के तैयार होने के बाद फाउंडेशन निर्माण की तैयारी शुरू हो गई है। इसके लिए पुराने ब्रिज के कुछ हिस्से को तोडना पडा। शुक्रवार को नगर पालिका कार्यालय के सामने जेसीबी के माध्यम से तोड़ फोड़ शुरू होने से एकबारगी तो लोग हैरत में पड़ गए। अधिकारियों ने बताया कि नए नक्शे के अनुसार ब्रिज को सीधा करने के लिए पूर्व में कराए गए निर्माण कार्य को तोड़ना जरूरी था। उत्तर प्रदेश विधान मंडल की सार्वजनिक उपक्रम एवं निगम संयुक्त समिति की बैठक में निर्माण निगम को मिली चेतावनी के बाद गजिया ओवरब्रिज के निर्माण में तेजी आ गई। उत्तर प्रदेश सेतु निगम के सहायक अभियंता एचएन यादव का कहना है कि निर्माण कार्य में अब कोई बाधा नहीं है। फाउंडेशन निर्माण का कार्य शुरू कराया जा रहा है। नए नक्शे के अनुसार पूर्व में कराए गए निर्माण को तोड़ना जरूरी था।