Headlines
Loading...
यूपी: दीपावली पर स्वच्छ बनारस के लिए आज विशेष स्वच्छता अभियान, 90 वार्डों के लिए नोडल अधिकारी हुए नियुक्त।

यूपी: दीपावली पर स्वच्छ बनारस के लिए आज विशेष स्वच्छता अभियान, 90 वार्डों के लिए नोडल अधिकारी हुए नियुक्त।


वाराणसी। बनारस का शहरी क्षेत्र दीपावली में न केवल जगमग होगा, बल्कि साथ-सुथरा भी दिखाई देगा। इसके लिए नगर निगम ने कमर कस ली है। महापौर मृदुला जायसवाल के निर्देश पर रविवार को निगम क्षेत्र के सभी 90 वार्डों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। जिसकी रूपरेखा निगम प्रशासन ने तैयार कर ली है। इस अभियान के तहत न केवल साफ-सफाई होगी बल्कि कोरोना महामारी को लेकर सैनिटाइजेशन तथा डेंगू के प्रकोप को रोकने के लिए एंटी लार्वा का छिड़काव व फागिंग भी किया जाएगा। 

वहीं विशेष स्वच्छता अभियान के सफलता के लिए नगर आयुक्त प्रणय सिंह ने सभी 90 वार्ड के लिए 90 नोडल अधिकारियों की प्रतिनियुक्ति कर दी है, जो इस अभियान का संचालन व निगरानी करेंगे। अभियान के समाप्ति के बाद नोडल अधिकारी अभियान से संबंधित विस्तृत रिपोर्ट नगर आयुक्त को देंगे। जिसकी समीक्षा नगर आयुक्त द्वारा की जाएगी।

बता दें कि नगर आयुक्त प्रणय सिंह ने कहा कि विशेष स्वच्छता अभियान से नगर निगम के इंजीनियरिंग विभाग व स्मार्ट सिटी के अधिकारियों को भी जोड़ा गया है। अमूमन देखा गया है कि मोहल्लों में घर बनाने या तोड़फोड़ के क्रम में मलबा आम रास्ते पर फेंक दिया जाता है। जिससे गंदगी भी पसरी रहती है और आवागमन में भी असुविधा होती है। ऐसे में इंजीनियरिंग विभाग व स्मार्ट सिटी के अधिकारियों को ऐसे मलबों को उठवाने की जिम्मेदारी दी गई है। इसमें किसी तरह की शिथिलता नहीं बरती जाएगी। शिथिलता बरतने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई भी की जाएगी। निश्चित रूप से इस अभियान के बाद वाराणसी और भी साफ-सुथरा दिखेगा।