
UP news
UP : मुफ्त राशन बांटने को लेकर डिप्टी सीएम केशव ने कही बड़ी बात, सपा-बसपा पर भी साधा निशाना
Lucknow . उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि 2022 के विधान सभा चुनाव में बसपा, सपा और कांग्रेस की तिकड़ी नहीं चलेगी। जनता वोटकटवा दलों को फिर से पटकनी देगी। उन्होंने 2022 का नारा दिया कि 60 प्रतिशत वोट हमारा, 40 प्रतिशत में बंटवारा और बंटवारे में भी हमारा। कहा कि देश का विकास उत्तर प्रदेश से जुड़ा हुआ है। अगर केंद्र में भाजपा की सरकार नहीं होती तो शायद यूपी का इतना विकास नहीं होता। भारतीय जनता पार्टीं की विरोधी पार्टिंया जातिवाद के आधार पर चुनाव लड़ती हैं.
उप मुख्यमंत्री ने यह बातें रविवार को देवरिया के पथरदेवा के आचार्य नरेंद्र देव इंटर कॉलेज में आयोजित जनसंघ के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष स्व. रवींद्र किशोर शाही की 39 वीं पुण्यतिथि पर आयोजित किसान समृद्वि मेला और प्रदर्शनी का उद्घाटन करने के बाद सभा को संबोधित करते हुए कही। अपने 40 मिनट के संबोधन में डिप्टी सीएम ने विपक्षी पार्टियों पर जमकर हमला बोला। कहा कि कांग्रेस तो गिनती में शामिल ही नहीं है बाकि सपा और बसपा प्रदेश में केवल भ्रष्टाचार, माफियागिरी और गुंडागर्दी को बढ़ावा दे सकती हैं।
केशव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी यूपी का विकास करने के साथ-साथ लोगों के जीवन स्तर को उठाना चाहते हैं। पहले बसपा, सपा और कांग्रेस की तिकड़ी सरकार केंद्र में हुआ करती थी। दिवगंत प्रधानमंत्री स्व. राजीव गांधी ने खुद माना था कि आम जनता के लिए चलाई गई योजनाओं के एक रुपए में से मात्र पंद्रह पैसा ही लोगों के पास पहुंचता है बाकी के पच्चासी पैसे दलाल खा जाते हैं। कहा कि देश का विकास जितना भाजपा के शासन में हुआ है उतना किसी दूसरी दल की सरकार में नहीं। जरूरत मंदों को बिजली, पानी, आवास, शौचालय, इलाज के लिए आयुष्मान कार्ड, गैस चूल्हा और कोरोना में मुफ्त राशन भाजपा की आम जनता से सरोकार को दिखाता है।
प्रदेश व केंद्र की भाजपा सरकारें गरीबों के कल्याण के लिए समर्पित सरकार है। भाजपा किसी परिवार की पार्टी नहीं है यह पूरे देश की पार्टी है। उन्होंने कहा कि 2022 की विधान सभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी 300 से अधिक सीटों पर कब्जा करेगी। भाजपा जातिवाद और गुंडागर्दी पर नहीं बल्कि विकास के एजेंडे पर चुनाव लड़ती है। सबका साथ, सबका विकास पार्टी का मूल मंत्र है जबकि कुछ पार्टियां कुछ का साथ गुंडागर्दी का विकास जैसे मुद्दों को अपना मोटो बनाई हुई हैं। डिप्टी सीएम ने भाजपा को किसानों की हितैषी बताया और कहा कि सपा, कांग्रेस व बसपा जब सत्ता में थे तो किसानों के लिए कुछ नहीं किया।