Headlines
Loading...
UP : समाजवादी पार्टी से भाजपा में शामिल होने वाले विधायक नितिन अग्रवाल को राहत

UP : समाजवादी पार्टी से भाजपा में शामिल होने वाले विधायक नितिन अग्रवाल को राहत

लखनऊ । अखिलेश यादव सरकार में मंत्री रहे हरदोई सदर से विधायक नितिन अग्रवाल को शुक्रवार को बड़ी राहत दी है। उत्तर प्रदेश के विधानसभा अध्यक्ष पंडित हृदय नारायण दीक्षित ने शुक्रवार को भाजपा में शामिल होने वाले नितिन के खिलाफ याचिका को खारिज कर दिया है।

उत्तर प्रदेश के विधानसभा अध्यक्ष हृदय नारायण दीक्षित ने नितिन अग्रवाल की सदस्यता समाप्त करने की याचिका खारिज कर दी है। समाजवादी पार्टी को छोड़कर भाजपा में शामिल होन वाले नितिन अग्रवाल के पिता नरेश अग्रवाल उत्तर प्रदेश की कई सरकार में कैबिनेट मंत्री रहने के साथ राज्यसभा सदस्य भी रहे हैं। नितिन अग्रवाल की विधानसभा सदस्यता खारिज करने के लिए समाजवादी पार्टी के नेता प्रतिपक्ष रामगोविंद चौधरी ने याचिका दाखिल की थी।

नितिन अग्रवाल 2008 से 2012 तक समाजवादी पार्टी से विधायक थे। इसके बाद वह फिर 2012 से 2017 तक हरदोई सदर से समाजवादी पार्टी के विधायक बने। अखिलेश यादव सरकार में वह राज्यमंत्री भी थे। मार्च 2017 में समाजवादी पार्टी के टिकट पर चुनाव जीतने वाले नितिन अग्रवाल अपने पिता नरेश अग्रवाल के साथ मार्च 2018 में भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए थे। नितिन अग्रवाल ने 2018 में राज्यसभा के चुनाव में क्रास वोटिंग की थी। इसके बाद से वह लगातार समाजवादी पार्टी के खिलाफ मोर्चा खोल रहे थे। समाजवादी पार्टी ने भी उनकी विधानसभा सदस्यता को समाप्त करने का अभियान चलाया था, जो कि आज विधानसभा अध्यक्ष ने समाप्त कर दिया। उन्होंने समाजवादी पार्टी के नेता प्रतिपक्ष रामगोविंद चौधरी की याचिका को खारिज कर दिया।

भाजपा नेता तथा हरदोई सदर से विधायक नितिन अग्रवाल ने हाल ही में सपा पर निशाना साधा था। उन्होंने कहा था कि जब मुजफ्फरनगर में दंगे हो रहे थे तो सैफई में नाच देखा जा रहा था। जो लोग सैफई में नाच करा रहे थे वह विकास की बात कह रहे हैं। प्रदेश सरकार की साढ़े चार साल की उपलब्धियां गिनाते हुए उन्होंने विपक्ष पर आरोप लगाए। हरदोई के बैटगंज में विधायक नितिन अग्रवाल ने कहा कि विपक्ष पूरी तरह से मुद्दा विहीन हो गया है। विपक्ष को फर्ज होता है कि वह सदन में जनहित को देखते हुए अपनी बात रखे, लेकिन उनके पास जब कोई मुद्दा नहीं है तो सदन में हंगामा करते रहते हैं। प्रदेश सरकार की साढ़े चार साल की उपलब्धियां गिनाते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में सभी समाज का विकास हुआ है।