Headlines
Loading...
यूपी: सोनभद्र में 2022 तक पूरा होगा सोन नदी पर पुल निर्माण, लागत में 40.89 करोड़ रुपये की हो चुकी है वृद्धि।

यूपी: सोनभद्र में 2022 तक पूरा होगा सोन नदी पर पुल निर्माण, लागत में 40.89 करोड़ रुपये की हो चुकी है वृद्धि।


सोनभद्र। मध्यप्रदेश की सीमा पर कुड़ारी में सोन नदी पर पुल निर्माण में पुनः तेजी आई है। मानसून सत्र खत्म होने के बावजूद सोन नदी का प्रवाह पिछले एक माह से बाधा बन रहा था। अब बहाव के धीमे होने के साथ सेतु निगम ने सक्रियता बढ़ाई है। सेतु निगम के विंध्याचल मंडल के परियोजना प्रबंधक इ. आरएस उपाध्याय ने बताया कि जून 2022 तक पुल निर्माण पूरा करने का लक्ष्य तय किया गया है। काम में तेजी के लिए दो बड़ी क्रेन मंगवाई जा रही है। फिलहाल फंड की कोई कमी नहीं है। आगे भी अगर फंड में कोई कमी नहीं होगी तो तय लक्ष्य पर पुल निर्माण पूरा किया जाएगा। 

बता दें कि पुल के कुल 21 बाक्स गार्डर में अभी तक आठ बाक्स गार्डर का निर्माण हो चुका है। फिलहाल नौवें बाक्स गार्डर का निर्माण जारी है। बीते मानसून सत्र से पहले 15 जून तक सेतु निगम द्वारा कुल 12 बाक्स गार्डर बनाने का लक्ष्य रखा गया था, लेकिन धनाभाव के साथ मई में हुई बारिश के कारण कारण लक्ष्य पूरा नहीं हो पाया था। दरअसल पहले मार्च 2022 तक पुल का निर्माण पूरा करने का लक्ष्य रखा गया था। धनाभाव के कारण पहले ही पुल निर्माण में काफी देरी हो चुकी है। वर्ष 2013-14 में स्वीकृत पुल का निर्माण कार्य जनवरी 2016 में शुरू हुआ था। अब तक पुल निर्माण में दो वर्ष से ज्यादा की देरी हो चुकी है। लगभग छह वर्ष से ज्यादा समय में अभी तक पुल का निर्माण 50 फीसद भी नहीं हो पाया है।

वहीं वर्ष 2013-14 में स्वीकृति के समय पुल की लागत 3322.51 लाख थी। पुल की लागत के पुनरीक्षण के लिए सेतु निगम द्वारा बीते जुलाई 2020 में 4089.12 लाख लागत वृद्धि का प्रस्ताव शासन को भेजा गया था। जिसके बाद लागत वृद्धि के प्रस्ताव को प्रदेश सरकार ने बीते 16 अगस्त 2020 को स्वीकृति दे दी थी। पुल की लागत में 40.89 करोड़ रुपये की वृद्धि की गई थी।जिसके बाद पुल की पुनरीक्षित लागत 76.89 करोड़ हो गई थी। लागत वृद्धि की घोषणा के एक वर्ष बाद भी धनाभाव में पुल निर्माण में शिथिलता पैदा होने की संभावना बनी हुई है।