Headlines
मिशन 2022: बीजेपी ने झोंकी ताकत, कुनबा बढ़ाने के लिए कर रही यह काम

मिशन 2022: बीजेपी ने झोंकी ताकत, कुनबा बढ़ाने के लिए कर रही यह काम


लखनऊ । विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा का पूरा जोर प्रदेश में अपना कुनबा बढ़ाने पर है। पार्टी ने सौ दिन-सौ काम के मोर्चे पर मुख्य संगठन सहित सभी मोर्चों को लगा दिया है। पार्टी पिछले चुनावों की तर्ज पर फिर बूथ प्रबंधन पर फोकस कर रही है। वहीं दीपावली के त्योहार के बहाने पार्टी अपने सदस्यता अभियान मेरा परिवार-भाजपा परिवार को विस्तार देने में लगी है। इसकी शुरुआत 29 अक्तूबर को गृहमंत्री अमित शाह ने की थी। पूरे प्रदेश में 50 लाख पन्ना प्रमुख बनाए हैं। हर पन्ना प्रमुख के जिम्मे वोटर लिस्ट के एक पन्ने यानि 60 मतदाताओं की जिम्मेदारी है।

पार्टी ने बीते दिनों बूथ स्तर तक कमेटियों के गठन और उनके सत्यापन का काम पूरा कर लिया। जल्द ही एक लाख 63 हजार बूथों पर बूथ प्रमुखों को भी तैनात किया जाएगा। पार्टी ने हाल ही में सोशल मीडिया पर ‘मैं भी पन्ना प्रमुख’ अभियान शुरू किया था। इसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह सहित सभी पार्टी नेताओं को अपने-अपने बूथों का पन्ना प्रमुख बनाया है। चुनाव में मतदान प्रतिशत बढ़ाने के साथ फीडबैक देने का दायित्व पन्ना प्रमुखों और बूथ प्रमुखों को दिया गया है। वह लोगों के बीच रहकर उन्हें पार्टी की विचारधारा से भी जोड़ेंगे।

भाजपा के प्रदेश मंत्री डा. चंद्रमोहन ने बताया कि 2022 में होने वाले चुनावों को लेकर संगठनात्मक रूप से भाजपा की तैयारी अन्य दलों से 22 कदम आगे है। पार्टी का हर कार्यकर्ता जनता के सुख-दु:ख में साथ खड़ा है। सरकार की उपलब्धियों को भी साझा किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसा नहीं है कि विपक्षी दलों की तरह सिर्फ चुनाव में पार्टी एक्टिव है, बल्कि पिछले साढ़े चार साल में ऐसा कोई अवसर नहीं आया है, जब मुख्यमंत्री खुद लोगों के बीच में न पहुंचे हों।


Related Articles