
Bihar News
बिहार: बहन के घर गया था कुंवारा लड़का पकड़कर शादी करा दी गई, नालंदा पुलिस कर रही पकड़उआ विवाह की जांच।
बिहार। नालंदा जिले में एक युवक को छठ का प्रसाद देने के लिए अपनी बहन के घर जाना महंगा पड़ गया। वह बहन के घर तो कुंवारा गया था, लौटते वक्त शादीशुदा बन गया। नालंदा के मानपुर थाना क्षेत्र के परोहा गांव में पकड़उआ शादी किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। परोहा गांव में पिस्टल की नोंक पर लड़के की जबरन शादी कराई गई। लड़की वालों ने पिस्टल की नोंक पर लड़के को अगवा कर लिया और फिर मंदिर में ले जाकर उसकी जबरन शादी करा दी। अब उसने पूरे मामले की शिकायत पुलिस से की है।
वहीं मानपुर थाना इलाके के गौरैया पर निवासी नीतीश कुमार बीते 11 नवंबर को अपनी बहन के गांव सरबहदी छठ का प्रसाद देने गया था। लौटने के दौरान परोहा पर गांव के समीप पूर्व से घात लगाए हथियारबंद लोगों ने उसका अपहरण कर लिया और गांव के मंदिर में ले जाकर जबरन लड़की के मांग में ङ्क्षसदूर डलवा दिया। विदाई के समय लड़की वाले लड़के को जबरन खींचते हुए सड़क पर लाए और उसके गांव भेज दिया। इस संदर्भ में नीतीश कुमार ने थाने को लिखित आवेदन दिया है। आवेदन मिलने के बाद पुलिस मामले की तफ्तीश कर रही है।
बता दें कि बिहार में एक वक्त इस तरह की शादियां खूब होती थीं, हालांकि अब ऐसे मामले कम ही सुनने को मिलते हैं। दरअसल, दहेज की लंबी-चौड़ी मांग से बचने के लिए दबंग किस्म के लोग अपनी पसंद के लड़के का अपहरण कर उसकी शादी जबर्दस्ती अपने परिवार की लड़की से करा देते हैं। 15-25 साल पहले ऐसे मामले अधिक आते थे। अब भी ऐसे एकाध मामले सुनने को मिल ही जाते हैं। ताजा मामले में सच्चाई क्या है, यह तो पुलिस की जांच में ही पता चलेगा।