
UP news
चंदौली : पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन पर सुरक्षा के मद्देनजर चला चेकिग अभियान
चंदौली : जैसे-जैसे दीपावली और छठ पर्व नजदीक आ रहा है, वैसे-वैसे ट्रेनों में भीड़ बढ़ने लगी है। त्योहार का सीजन आते ही दिल्ली, मुंबई से आने वाली ट्रेनों में अधिक भीड़ हो रही है। यात्रियों की सुरक्षा के लिए रेल प्रशासन भी तैयार हो गया है। जीआरपी व आरपीएफ के जवान प्लेटफार्म सहित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन आने-जाने वाली ट्रेनों में सघन चेकिग करने लगे हैं। जवान पूरे जंक्शन की निगरानी कर रहे हैं।
जहरखुरानी से यात्रियों को बचाने के लिए जागरूकता कार्यक्रम चल रहा है। पर्व की वजह से जंक्शन पर यात्रियों की भीड़ बढ़ गई है। अन्य प्रदेशों में कार्य करने वाले लोग घरों को लौट रहे हैं। यही वजह कि इन दिनों यात्रियों की संख्या बढ़ गई। भीड़ बढ़ने के साथ ही जहरखुरान गिरोह के सदस्य व चोर भी सक्रिय हो जाते हैं। इन घटनाओं पर अंकुश लगाने के कारण अभियान चलाया जा रहा है।
दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन की जीआरपी व आरपीएफ की टीम लगातार अभियान चलाकर महिलाओं को निडर यात्रा करने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। जीआरपी व आरपीएफ ने जंक्शन पर संयुक्त रूप से टीम बनाकर चेकिग अभियान शुरू किया। सर्वप्रथम एक से लेकर आठ नंबर तक के प्लेटफार्मो की जांच की गई। तत्पश्चात फुट ओवरब्रिज, वेटिग हाल, मुसाफिर खाना, पार्सल कार्यालय व वहां रखे सामानों सहित आरक्षण कार्यालय, टिकट घर, टैक्सी स्टैंड, सर्कुलेटिग एरिया आदि की गहनता से जांच पड़ताल की गई। इस दौरान पुलिस कर्मियों ने मेटल डिटेक्टर से कई यात्रियों के सामानों की भी जांच पड़ताल की।