
UP news
लखनऊ : पार्क की बाउंड्री बनवाने पहुंचे इंजीनियरों को ग्रामीणों ने घेरा, हंगामा
लखनऊ । जानकीपुरम विस्तार के सेक्टर जे के पार्क में बाउंड्रीवाल बनवाने पहुंचे एलडीए के इंजीनियरों तथा ठेकेदारों को शुक्रवार को ग्रामीणों ने घेर लिया। वह हंगामा करने लगे। ग्रामीणों ने काम करने वाले लोगों को खदेड़ दिया। इससे विवाद काफी बढ़ गया। कॉलोनी के लोग एलडीए के समर्थन में उतर आए तो ग्रामीण काम रुकवा रहे थे। विवाद बढ़ने की जानकारी मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। ग्रामीण यहां पार्क में शव जलाते हैं। वह इसकी बाउंड्रीवाल नहीं बनने देना चाहते।
जानकीपुरम विस्तार योजना के सेक्टर जे कॉलोनी के पार्क के चारों तरफ मकान बने हैं। इसी पार्क के बीच में गांव के लोग शव जलाते हैं। बीच का कुछ हिस्सा शमशान के रूप में दर्ज है। ग्रामीणों का कहना है कि वह यहां कई वर्षों से शव जलाते आ रहे हैं। जबकि कॉलोनी बनने की वजह से आसपास चारों तरफ लोग रहने लगे हैं। शव जलने पर लोगों को बहुत दिक्कतें होती हैं। दिन भर घरों में बदबू रहती है। बच्चे घर के बाहर नहीं निकलते हैं। हिंदुस्तान ने पहले इस खबर को प्रमुखता से प्रकाशित की थी। जिसके बाद एलडीए ने संज्ञान लिया था। उसने इस पार्क की बाउंड्री वाल ऊंची कराने का निर्देश दिया था। उपाध्यक्ष ने खुद इसकी समीक्षा की थी। इसी के साथ इस पार्क के सुंदरीकरण की भी योजना बनी है।
गुरुवार को प्राधिकरण के इंजीनियरों की टीम यहां काम शुरू कराने पहुंची। ठेकेदार भी कर्मचारियों के साथ पहुंचा। उसने साफ सफाई का काम शुरू कराया। इसकी जानकारी कुछ ही देर में ग्रामीणों को हो गई। गांव के लोग कुछ ही देर में मौके पर जुट गए। लोगों ने काम बंद करा दिया। हंगामा शुरू कर दिया। लाठी डंडा लेकर पहुंचे ग्रामीणों ने कहा कि वह लोग इसमें शव का दाह संस्कार करते हैं। ऐसे में यहां पार्क नहीं बनने देंगे। अगर बाउंड्री ऊंची हो जाएगी तो वह लोग इसमें शव नहीं जला पाएंगे। पुलिस ने लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराने का प्रयास किया लेकिन काफी देर तक विवाद चलता रहा। विवाद को देखते हुए एलडीए ने काम बंद करा दिया।