
UP news
यूपी: आगरा में लड़खड़ाई डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन व्यवस्था, वहीं त्योहारों पर लोगों को दिक्कतों का करना पड़ा सामना।
आगरा। शहर के अधिकांश क्षेत्रों में शुक्रवार को डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन व्यवस्था लड़खड़ा गई। इससे लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कई क्षेत्रों में कूड़े के ढेर लगे रहे। सौ वार्डों से हर दिन 800 टन कूड़ा निकलता है। जिसका उठान करने के लिए 3200 कर्मचारी हैं। कूड़ा उठान न होने की शिकायत नगर निगम के अफसरों से की गई है। यह स्थिति एक-दो जगह नहीं, बल्कि कमाल खां, खेरिया मोड़, ईदगाह चौराहा, शाहगंज, तहसील रोड, दयालबाग, नगला हवेली आदि क्षेत्रों में देखने को मिली।
वहीं विभिन्न इलाकों में जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे होने से वहां बेसहारा जानवर विचरण करते नजर आए, जो कूड़े को रास्ते पर फैला रहे थे। इस कारण क्षेत्रीय लोगों और राहगीरों को सड़क पर बिखरे कूड़े के बीच से गुजरना पड़ा। जगनेर रोड और खेरिया मोड़ पर मुख्य सड़क पर ही कूड़े के ढेर लगे थे। यह हाल तब है, जब खेरिया मोड़ चौराहा से रोजाना सैकड़ों पर्यटक गुजरते हैं।
वहीं क्षेत्रीय निवासी सौरभ चौधरी ने बताया कि नगला हवेली में त्योहार होने के बाद भी पिछले 15 दिन से सफाई नहीं हुई है। इलाके के कूड़ेदान की बाउंड्री तक नहीं है। इससे बेसहारा जानवर कूड़े में विचरण कर और गंदगी फैलाते हैं। लोगों को निकलने में भी परेशानी होती है। उन्होंने चेतावनी दी है कि जल्द ही यहां सफाई व्यवस्था नहीं की गई, तो नगर निगम के मुख्य द्वार पर ताला लगाकर नगरायुक्त का घेराव करेंगे।
बता दें कि शुक्रवार को अन्नकूट का प्रसाद लगाने और भंडारे के लिए सब्जी लेने के लिए श्रद्धालु सुबह से खेरिया मोड़, सिकंदरा, बोदला, शाहगंज, छीपीटोला, फतेहाबाद रोड सब्जी मंडी में पहुंचना शुरू हो गए। सभी जगह गंदगी का अंबार था। कूड़ा उठान न होने से चारों तरफ फैली गंदगी के बीच ही लोगों को सब्जियां खरीदनी पड़ीं। इस क्षेत्र में न तो ठीक से झाड़ू लगी और न ही कूड़े का उठान किया गया। आधा दर्जन से अधिक लोगों ने अफसरों को फोन कर शिकायत दर्ज कराई।
वहीं कमला नगर जी ब्लाक में ठीक से सफाई अभियान नहीं चला। डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन के लिए कर्मचारी नहीं पहुंचे। कमला नगर निवासी धीरेंद्र गुप्ता ने बताया कि क्षेत्र में आए दिन कूड़ा लेने के लिए कर्मचारी नहीं आते हैं।