Jharkhand News
झारखंड: रांची में पीएम ग्रामीण आवास योजना में हेराफेरी के आरोपी को बचाने में जुटे बड़े अधिकारी।
झारखंड। रांची में प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना मद की राशि का हेराफेरी करने के आरोपित कंप्यूटर आपरेटर को प्रखंड विकास पदाधिकारी गणेश रजक बचाने में लगे हुए हैं। सदर प्रखंड कार्यालय के अनुबंध आधारित कंप्यूटर आपरेटर आशीष कुमार के ऊपर पीएम ग्रामीण आवास योजना के लाभुक भिखनी देवी के बजाय दूसरे के बैंक खाता में अग्रिम के चालीस हजार रुपए हस्तांतरित किया है।
वहीं उपायुक्त को मिली शिकायत के बाद जांच कराई गई थी। जिसमें मामला सत्य पाया गया था। उसके बाद उप विकास आयुक्त सुनील कुमार सिंह ने ऑपरेटर के विरुद्ध प्राथमिकी का आदेश दिया था। जिला ग्रामीण विकास अभिकरण पत्रांक 1335 दिनांक 26 नवंबर 2021 को जारी आदेश पर प्रखंड विकास पदाधिकारी ने अब तक कोई कार्रवाई नहीं की है।
बता दें कि वहीं जानकारी के अनुसार आरा पंचायत के चौर गांव निवासी उतीम साव की पत्नी भिखनी देवी के नाम पर वित्तीय वर्ष 2020-21 में प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना स्वीकृत हुई थी। जिसका निबंधन संख्या जेएच 2207046 है। कंप्यूटर आपरेटर आशीष ने योजना मद का प्रथम किस्त की राशि चालीस हजार रुपये मीना देवी नामक बैंक आफ इंडिया के खाताधारक को ट्रांसफर कर दिया।
वहीं जब लाभुक को इसकी जानकारी हुई, तो उन्होंने डीसी अंजली यादव से शिकायत की। डीसी ने जांच का आदेश दिया। जांच में मामला सही पाया गया। तत्पश्चात उप विकास आयुक्त ने 24 नवंबर को प्राथमिकी का आदेश दिया। लेकिन अब तक प्राथमिकी दर्ज नहीं हुई है। प्रखंड विकास पदाधिकारी का कहना है कि इस मामले को लेकर उपायुक्त वार्ता के लिए बुलाई हैं। डीसी से वार्ता के बाद ही आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।