
UP news
यूपी: चंदौली में किसानों का धान लेकर ट्रैक्टर से कलेक्ट्रेट ऑफिस पहुंचे पूर्व विधायक।
चंदौली। जिले में धान खरीद की प्रक्रिया बेपटरी है। कई स्थानों पर क्रय केंद्र खोलने के बाद बंद कर दिए गए। इससे परेशानी बढ़ गई है। जिला प्रशासन की कार्यप्रणाली से नाराज पूर्व विधायक व सपा के राष्ट्रीय सचिव मनोज सिंह डब्लू गुरुवार की दोपहर फेसुड़ा गांव की किसान सरिता सिंह का धान ट्रैक्टर-ट्राली पर लादकर कलेक्ट्रेट पहुंच गए। हालांकि किसी सक्षम अधिकारी के मौजूद न होने से पूर्व विधायक अभी जमे हैं। कलेक्ट्रेट में डीएम, एडीएम अभी नहीं आए हैं।
वहीं पूर्व विधायक ने कहा कि जिला खाद्य व विपणन अधिकारी से कई बार मिलकर धान खरीद की समस्याओं से अवगत कराया जा चुका है, लेकिन उनकी कार्यप्रणाली में कोई सुधार नहीं हो रहा। फेसुड़ा में क्रय केंद्र खोलकर बंद कर दिया गया। इससे किसानों के लिए परेशानी बढ़ गई है। अधिकारी मनमाने ढंग से काम कर रहे हैं। महिला किसान दूर स्थित क्रय केंद्र पर अपना धान ले जाकर बेचने में असमर्थ थीं।
वहीं इसकी जानकारी मिली तो तत्काल गांव पहुंचे और किसान का धान ट्रैक्टर-ट्राली से लेकर जिलाधिकारी कार्यालय पहुंच गए। डीएम ही अब इसका फैसला करेंगे कि आखिर ऐसे किसानो का धान कैसे बिकेगा। उन्होंने अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए। बोले, अधिकारियों व केंद्र प्रभारियों की मनमानी की वजह से ऐसी स्थिति बनी है। अधिकारी बिना प्लानिंग के काम कर रहे हैं।
बता दें कि वहीं यदि प्लानिंग के तहत काम करें तो किसानों को परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि जानबूझकर साजिश के तहत जहां-जहां क्रय केंद्र बंद किए गए हैं, उन्हें दोबारा खोला जाए, ताकि किसान आसानी से अपनी उपज बेच सकें। यदि अधिकारियों के मनमानी नहीं छोड़ी, तो ठीक नहीं होगा। फिलहाल पूर्व विधायक कलेक्ट्रेट में जमे हुए हैं। मौके पर किसी सक्षम अधिकारी के मौजूद न होने से सुरक्षाकर्मी पेशोपेश में नजर आए।