
UP news
यूपी: वाराणसी में पीएम मोदी के साथ देश के कई मुख्यमंत्रियों ने सपरिवार धार्मिक और सांस्कृतिक स्थलों का किया भ्रमण।
वाराणसी। श्री काशी विश्वनाथ धाम के नव्य-भव्य स्वरूप के लोकार्पण में परिवार संग आए विभिन्न प्रदेशों के मुख्यमंत्रियों व उपमुख्यमंत्रियों ने सोमवार देर शाम शहर के विभिन्न धार्मिक और सांस्कृतिक स्थलों का भ्रमण किया। रात नौ बजे के करीब सारनाथ के पुरातात्विक खंडहर परिसर में लाइट एंड साउंड शो देखने नागालैंड, हरियाणा, उत्तरप्रदेश, असोम, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, बिहार राज्य के मुख्यमंत्री व उपमुख्यमंत्री की पत्नियां पहुंची थी।
वहीं इनके अलावा भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डा. जेपी नड्डा की पत्नी मल्लिका नड्डा ने भी सारनाथ का भ्रमण किया। पुरातत्व अधीक्षण पुरातत्वविद अविनाश मोहंती व रजनीश सिंह ने स्वागत किया। इसके बाद लाइट एंड साउंड शो के माध्यम से बुद्ध के जीवन को समझा। सहायक अधीक्षण पुरातत्वविद मोहम्मद आरिफ ने पुरावशेषों के इतिहास की जानकारी दी।
बता दें कि सोमवार को लोकार्पण के अवसर पर विभिन्न प्रदेशों के मुख्यमंत्री व उनका परिवार भी शामिल हुआ। इसमें मध्यप्रदेश के शिवराज सिंह चौहान, त्रिपुरा के विप्लव देव, हरियाणा के मनोहर लाल खट्टर, हिमाचल प्रदेश के जयराम ठाकुर, कर्नाटक के विश्वराज बोम्मई, असोम हेमंत विस्वा सरमा, गुजरात के भूपेंद्र भाई पटेल, अरुणाचल प्रदेश पेमा खांडू, उत्तराखंड के पुष्कर सिंह धामी, मणिपुर के एन विशेन सिंह शामिल रहे।
वहीं दूसरी तरफ़ इसके अतिरिक्त उपमुख्यमंत्री में बिहार की रेणुदेवी व तारकेश्वर प्रसाद, उत्तर प्रदेश के केशव प्रसाद माैर्य व डा. दिनेश चंद्र शर्मा, नगालैंड के यथंगों पट्टन, त्रिपुरा के जिष्णु देव शर्मा, अरुणाचल प्रदेश के चोनामीन के साथ ही केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, डा. महेंद्र नाथ पांडेय शामिल रहे।