
UP news
यूपी: सोनभद्र राबर्ट्सगंज स्थित जयप्रभा मंडपम में गीता में वर्णित योग विषय पर गोष्ठी हुआ आयोजित। .
सोनभद्र। योग केवल आसन-व्यायाम भर नहीं है, योग आत्मा का परमात्मा से मेल कराने की विधि भी है। योग मानव जीवन की इच्छा को भी प्राप्त करने की कुंजी है। गीता के अनुसार योग परम आराध्य तक की दूरी तय करने का साधन है। यह बातें गीता जयंती समारोह के मौके पर मंगलवार को राबर्ट्सगंज स्थित जयप्रभा मंडपम में गीता में वर्णित योग विषय पर आयोजित गोष्ठी में वक्ताओं ने कही।
वहीं उन्होंने कहा कि शारीरिक आसन-व्यायाम स्वस्थ रहने के लिए बहुत ही आवश्यक है। लेकिन हमारे शास्त्रों में, गीता में मानव तन का उद्देश्य पाने के लिए जिस योग का वर्णन किया गया है, वह कुछ और ही है और वही वास्तविक योग है। गोष्ठी की अध्यक्षता करते हुए साहित्यकार अजय शेखर ने कहा कि मानव जीवन संघर्ष से भरा रहता है। गीता का योग उस संघर्ष से निकलने का पथ प्रशस्त करता है। यह आध्यात्म की राह है। स्वागत करते हुए कवि जगदीश पंथी ने धार्मिक भ्रांतियों के निवारण पर बल देते हुए कहा कि केवल योग ही नहीं अपितु कई ऐसे विषय हैं।
वहीं दूसरी तरफ़ जहां परंपरा और आध्यात्म में भेद न कर पाने के कारण लोगों में भ्रम है। इसका निवारण यथार्थ गीता द्वारा संभव है। संयोजक डा. बी सिंह ने कहा कि महर्षि पतंजलि ने गीता के योग का ही एक सरल स्वरूप प्रस्तुत किया। वास्तव में गीता का योग आत्मा को परमात्मा से मिलाने की कुंजी है। विषय प्रवर्तन करते हुए अरुण चौबे ने कहा कि गीता केवल आसन-व्यायाम भर नहीं हो सकता, यह केवल शरीर के पोषण तक नहीं हो सकता है। गीता के अनुसार जो संसार के संयोग वियोग से रहित है उसी का नाम योग है। अनन्य भाव से एक परमात्मा की शरण में जाने का नाम योग है।
बता दें कि वहीं इस योग का परिणाम अनामय, शाश्वत परमपद की प्राप्ति है। डाक्टर गोपाल सिंह ने गीता को जीवन शास्त्र बताते हुए इसे आचरण में लाने पर बल दिया। साहित्यकार पारसनाथ मिश्रा ने गीता में योग शब्द की विस्तृत व्याख्या की। उन्होंने कहा कि चित्त वृत्तियों का निरोध ही योग है। गोष्ठी में यथार्थ गीता के अविनाशी योग के प्रचार-प्रसार में लगे पांच सख्शियतों के गीता जयंती समारोह समिति द्वारा सम्मानित किया गया। इस मौके पर उमाकांत मिश्र, सत्यपाल जैन, रामानुज पाठक, राम सूरत पटेल, विवेकानंद मिश्रा, डा. कुसुमाकर, पीयुष त्रिपाठी आदि रहे। संचालन भोलानाथ मिश्रा ने किया।