UP news
यूपी: लखनऊ रायबरेली के लालगंज कोतवाली में कार और स्कूल वैन में टक्कर में छात्र हुए घायल।
लखनऊ। रायबरेली के लालगंज में गुरुवार को सुबह छात्रों से भरी वैन और कार में जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में आठ छात्र छात्राओं समेत दोनों वाहनों के चालक भी घायल हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही छात्र छात्राओं के स्कूल और उनके परिवार के लोग दहशत में आ गए। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। इस दौरान चार से पांच छात्र-छात्राओं को गंभीर चोट आने के चलते उनके हाथ और पैर में प्लास्टर भी चढ़ाने पड़े। वहीं चालक को भी गंभीर चोट आई है।
वहीं दुर्घटना लालगंज कस्बे के गांधी चौराहे के निकट हुई। यहां स्थित ब्राइटलैंड पब्लिक स्कूल के बच्चे वैन से सुबह नौ बजे के लगभग विद्यालय आ रहे थे। पूर्व माध्यमिक विद्यालय चांदा टीकर के अनुचर शितलेश कुमार कार से विद्यालय जा रहे थे। लालगंज डलमऊ मुख्य मार्ग पर बहाई गांव के निकट कार व वैन की टक्कर हो गई। इसके चलते कार सवार शितलेश समेत वैन चालक मुनेश कुमार गम्भीर रूप से घायल हो गए।
वहीं हादसे में आर्या, आयुष, अंश यादव, दीपू पाल साक्षी, आरुष यादव, शौर्य, आकृश भी घायल हो गए। मौके पर पहुंची एंबुलेंस ने तत्काल सभी घायलों को लालगंज सीएचसी पहुंचाया। कोतवाल राजेश कुमार सिंह, उप जिलाधिकारी विजय कुमार भी अस्पताल पहुंचे और घायलों का हाल जाना। चिकित्सक डॉक्टर संजीव सिंह ने बताया कि प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल मुनेश, आर्या, आयुष, आकृश, दीपू पाल को जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
बता दें कि वहीं अस्पताल में छात्र छात्राओं के भर्ती होने की सूचना पाकर उनके माता पिता का कलेजा दहल गया। वह भागते हुए आनन फानन में अपने नन्हें-मुन्ने बच्चों के पास अस्पताल पहुंचे। अपने माता-पिता को अस्पताल में देख घायल बच्चे भावुक होकर रो पड़े। अभिभावकों ने उन्हें शांत कराया और जल्द ठीक होने का भरोसा दिया। छात्रों के हाथ पैर में प्लास्टर चढ़ा देखकर अभिभावक डाक्टरों से चोट की गंभीरता की जानकारी लेते रहे।