Headlines
Loading...
झारखंड: दुमका में भाजपा नगर अध्यक्ष और आनलाइन लाटरी के कनेक्शन का पुलिस ने किया खुलासा।

झारखंड: दुमका में भाजपा नगर अध्यक्ष और आनलाइन लाटरी के कनेक्शन का पुलिस ने किया खुलासा।


झारखंड। उपराजधानी दुमका में आनलाइन लाटरी का कारोबार जोरों पर है। इसकी शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। 12 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इस मामले में पुलिस को राजनीतिक संरक्षण की भी जानकारी मिली है। संरक्षण का आरोप दुमका नगर भाजपा अध्यक्ष पर लगा है। 

वहीं पुलिस ने नगर अध्यक्ष, उसके भाई और अन्य के खिलाफ आनलाइन लाटरी संचालन का केस दर्ज किया है। हालांकि छापेमारी के दाैरान नगर भाजपा अध्यक्ष पुलिस को हाथ नहीं लगे। दुमका नगर थाना प्रभारी देवव्रत पोद्दार ने खुद ही प्राथमिकी दर्ज कराई है। पूरे मामले की जानकारी एसडीपीओ नूर मुस्तफा अंसारी ने दी है।

वहीं करीब दो माह पहले ही भाजपा का नगर अध्यक्ष बना पंकज वर्मा व उसके तीन साथी शहर में अवैध रूप से चल रही आनलाइन लाटरी का धंधेबाज निकला। पुलिस ने सोमवार को आनलाइन और लाटरी का टिकट बेचते हुए धराए एक दर्जन लोगों को गिरफ्तार कर मंगलवार को जेल भेज दिया। नगर थाना प्रभारी देवव्रत पोददार ने अपने ही बयान पर आन लाइन लाटरी खिलवाने वाले पंकज वर्मा, उसके भाई संदीप वर्मा, दीपक साह व टिकट के माध्यम से अवैध धंधा करने वाले संजय सिंह के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपितों के पास से 27 हजार रुपया, 11 मोबाइल, एक कैलकुलेटर, पांच हजार से अधिक लाटरी के टिकट व अंक लिखी आठ कापी बरामद की है। 

वहीं अभी भागलपुर रोड में रहने वाले पंकज के घर में ही भाजपा का कार्यालय चल रहा है। पुलिस ने चारों की गिरफ्तारी के लिए सोमवार की रात घर पर दबिश दी, लेकिन सब फरार हो गए। जेल जाने वालों में मोहम्मद सददाम, आबिद अंसारी, नियाज मसूरी, अलाउददीन, तौसीफ, निरोज बैरा, अख्तर, डबलू अंसारी, रोहित केसरी, कमरूददीन शेख, अमीरचंद व अमित रंजन है।

वहीं दूसरी तरफ़ मंगलवार को नगर थाना में जानकारी देते हुए एसडीपीओ नूर मुस्तफा अंसारी ने बताया कि सोमवार की सुबह दस बजे सूचना मिली की दुधानी में निरोज बैरा के घर में अवैध रूप से आनलाइन लाटरी का खेल चल रहा है। सूचना के आधार पर छापेमारी कर भारी मात्रा में टिकट, रुपया और आठ लोगों को गिरफ्तार किया गया। इसके बाद बस स्टैंड में रोनित मोबाइल रिपेयरिंग दुकान में दबिश दी गई। यहां से भी कुछ रूपया के साथ चार लोगों नंबर लगाते हुए गिरफ्तार किया गया। दुकान से एक झोला लाटरी टिकट और बीस हजार रुपया बरामद किया गया।

वहीं एसडीपीओ ने बताया कि दुधानी से गिरफ्तार आठ आरोपित मोहम्मद सददाम से पूछताछ में यह बात सामने आई है कि पंकज वर्मा, संदीप वर्मा, दीपक की देखरेख और निर्देश पर ही अवैध लाटरी का धंधा चल रहा है। वहीं बस स्टैंड से गिरफ्तार चार आरोपित ने बताया कि संजय सिंह की देखरेख में भी टिकट का खेल चलता है। वह उनको टिकट उपलब्ध कराता है। इन सभी की तलाश में दबिश भी दी गई, लेकिन सभी फरार हो गए। गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है। बताया कि पंकज वर्मा एक राजनीतिक दल का कार्यकर्ता है।

वहीं दूसरी तरफ़ लाटरी खिलाने के आरोप में जेल जाने वाले के स्वजनों ने नगर थाना के सामने जमकर शोर मचाया। उनका कहना था कि पंकज और संदीप ही सारा खेल करवाते थे। दोनों कहते थे कि पुलिस से डरने की जरूरत नहीं है। सब सेट है। फिर उनके घरवालों को गिरफ्तार किया। ये लोग तो दिन भर कमाकर घर चलाते हैं और जो आलीशान घर में रखकर सारा खेल करवाते हैं, उन्हें पहले क्यों नहीं गिरफ्तार किया गया। 

वहीं शोर सुनकर नगर थाना प्रभारी देवव्रत पोददार स्वजनों के पास गए और समझाने का प्रयास किया। कुछ युवाओं का कहना था कि अगर पुलिस ने पकड़ सकती है तो वे ही पकड़कर लाते हैं। इस पर थानेदार ने समझाया कि कानून हाथ में नहीं लें। चारों की तलाश में लगातार छापेमारी चल रही है। कोई नहीं बचेगा। इसके बाद लोगों का गुस्सा शांत हुआ।