Headlines
Loading...
यूपी: गोरखपुर बस्ती में पछुआ हवाओं से बढ़ी गलन, ठंड से लोग हो रहे बेहाल।

यूपी: गोरखपुर बस्ती में पछुआ हवाओं से बढ़ी गलन, ठंड से लोग हो रहे बेहाल।


गोरखपुर। बस्ती में कड़ाके की ठंड के आगे आमजन समेत पशु-पक्षी बेहाल हैं। बुधवार को दोपहर में हुई हल्की धूप से भी राहत नहीं मिली। गलन भरी ठंड से लोग ठिठुरते दिखे। पछुआ सर्द हवाओं के झोंकों ने लोगों को और परेशान कर रखा है। रात और सुबह हल्का कोहरा छाया रहा। बाद में कोहरे का धुंध छंटा, लेकिन सूरज बादलों की ओट से करीब 12 बजे के बाद बाहर निकले। 

वहीं पूरे दिन बादल और सूरज के बीच लुका-छिपी का खेल चला। शाम होते ही गलन के साथ ठंड फिर बढ़ गई। लोग बचाव और पूरे बदन को ढक कर ही बाहर निकले। अधिकतर लोग घरों में ही दुबके रहे। शहर से लेकर गांव तक लोग कांपते दिखे। अलाव खोज रहे थे। पर्याप्त अलाव न जलने के बाद लोगों को समस्या हो रही है। खुद अलाव की व्यवस्था करके ठंड से बचाव कर रहे हैं।

वहीं दूसरी तरफ़ कृषि विज्ञान केंद्र बंजरिया के अनुसार बुधवार को पारा छह डिग्री से नीचे पहुंच गया था। इससे ठंड बढ़ी है। आगामी 24 घंटे बादल छाए रहने और पछुआ हवा चलने की संभावना है। केंद्र के वैज्ञानिक डा. आरवी सिंह के अनुसार बुधवार को न्यूनतम तापमान आठ डिग्री सेल्सियस रहा। 

वहीं पिछले सप्ताह में मंगलवार को न्यूनतम तापमान पांच, सोमवार को 4.5, रविवार को 4.0, शनिवार को छह, शुक्रवार को 10 डिग्री सेल्सियस रहा। बताया कि सप्ताहभर से मौसम में उतार-चढ़ाव जारी है। जिला कृषि अधिकारी मनीष कुमार सिंह के अनुसार गेहूं फसल के लिए मौसम अनुकूल है। किसान सिचाई करें और यूरिया का प्रयोग सावधानी से करें। गेहूं में अधिक पानी न होने दें।