Headlines
Loading...
यूपी : चुनाव 2022 में पर्चा दाखिला के बाद उभरने लगी मीरजापुर की सियासी तस्वीर।

यूपी : चुनाव 2022 में पर्चा दाखिला के बाद उभरने लगी मीरजापुर की सियासी तस्वीर।


मीरजापुर। विधानसभा चुनाव नामांकन गुरुवार को समाप्त होने के साथ ही जिले का सियासी समीकरण साफ होने लगा है। कई सीटों पर भाजपा तो कुछ सीटों पर सपा व बसपा में भी जोरआजमाइश तेज हो गई है। विधानसभा चुनाव के नामांकन के अंतिम दिन कलेक्ट्रेट परिसर में काफी गहमागहमी रही। विधानसभा चुनाव में अब तक कुल 82 उम्मीदवारों ने नामाकंन किया।

वहीं विधानसभा छानबे में समाजवादी प्रत्याशी कीर्ति कोल व अपनादल एस प्रत्याशी राहुल प्रकाश कोल के बीच कांटे की लड़ाई है। कांग्रेस के भगवती चौधरी और बसपा के धनेश्वर गौतम जीत के लिए प्रयास कर रहे हैं। मीरजापुर विधानसभा सीट से भाजपा के रत्नाकर मिश्रा चुनाव मैदान में पूरी ताकत से जुटे हुए हैं।

वहीं समाजवादी पार्टी के कैलाश चौरसिया साइकिल चलाने के लिए जद्दोजहद कर रहे हैं। यहां से कांग्रेस के भगवानदत्त राजन पाठक और बसपा के धनेश्वर गौतम भी दिन-रात जुटे हुए हैं। विधानसभा मझवां में समाजवादी पार्टी से दामोदर मौर्या और रोहित शुक्ला ने नामांकन करके भारतीय जनता पार्टी और निर्बल इंडियन शोषित हमारा आमदल निषाद पार्टी के गठबंधन प्रत्याशी डा. विनोद कुमार बिंद की राह आसान कर दी है। 

वहीं बहुजन समाज पार्टी की पुष्पलता बिंद भी कड़ा मुकाबला दे रही हैं। विधानसभा चुनार से भाजपा प्रत्याशी अनुराग सिंह दूसरे प्रत्याशियों को कड़ी टक्कर दे रहे हैं। कांग्रेस की सीमा सिंह, बसपा के विजय सिंह पटेल और समाजवादी पार्टी व अपना दल कमेरावादी के डा. आरएस पटेल और सपा से ही रामराज सिंह पटेल ने नामांकन किया है। 

वहीं मड़िहान विधानसभा से भाजपा प्रत्याशी व ऊर्जा राज्यमंत्री रमाशंकर सिंह पटेल सबसे प्रबल दावेदार माने जा रहे हैं। बसपा के नरेंद्र कुशवाहा भी उनको टक्कर देने के लिए दिन-रात जुटे हुए हैं। समाजवादी पार्टी व अपना दल कमेरावादी अवधेश कुमार सिंह उर्फ पप्पू पटेल व कांग्रेस की गीता देवी भी मैदान में बाजी मारने के लिए संघर्ष कर रही हैं।