
UP news
यूपी: लखनऊ रोडवेज के बेड़े में 267 नई बसें होंगी शामिल, वहीं चुनाव बाद परिवहन विभाग करेगा खरीदारी।
लखनऊ। कोरोना काल से उबरते हुए रोडवेज प्रशासन ने इसी वित्तीय वर्ष में अपने संसाधनों से 267 और नई बसें खरीदने का फैसला किया है। इससे पहले 150 बसों की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। वहीं चुनाव आयोग से पहले से चल रही इस प्रक्रिया की अनुमति मांगी गई है। नए बेड़े के लिए टेंडर प्रक्रिया मार्च में होगी। इससे प्रदेश के रोडवेज बेड़े में आगामी महीनों में कुल 417 नई बसें शामिल हो जाएंगी। इनमें अधिकांश बसें सामान्य श्रेणी की होंगी।
वहीं रोडवेज प्रबंधन के मुताबिक कोरोना काल के बाद बस बेडे़ में काफी संख्या में पुरानी बसें हैं। जल्द ही इन्हें रिप्लेस किया जाएगा। इसके लिए तैयारियां चल रही हैं। आचार संहिता से पहले 150 बसों की टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली गई थी। अब नई 267 बसों के लिए मार्च माह का इंतजार किया जा रहा है।
वहीं खाका और प्रस्ताव तैयार है। चुनाव बाद जैसे ही बोर्ड बैठक होगी प्रस्ताव रखा जाएगा। इन नई बसों के आने से यात्रियों की मुश्किलें आसान होंगी। साथ ही उनका सफर पहले से ज्यादा सुगम, सुलभ, सुरक्षित और आरामदायक हो जाएगा।
वहीं प्रबंध निदेशक आरपी सिंह ने बताया कि कोरोना काल के चलते करीब तीन साल बाद बसाें की खरीद प्रक्रिया शुरू होगी। आचार संहिता खत्म होने के बाद मार्च माह के अंत में इसे अमली जामा पहनाया जाएगा। टेंडर कर बस बाडी निर्माण शुरू कराया जाएगा। प्रदेश के बेडे़ में करीब 417 बसें शामिल हो जाएंगी। इनमें ज्यादातर सेवाएं सामान्य श्रेणी की होंगी। तकरीबन 25 एसी जनरथ कैटेगरी की बसों के लाए जाने पर भी विचार किया जा रहा है।