
UP news
यूपी : कानपुर देहात में एडीजी, डीएम व एसपी संग अधिकारियों ने निरीक्षण कर देखी मतदान केंद्रों की व्यवस्था।
कानपुर देहात। चुनाव में व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए एडीजी भानु भास्कर, डीएम जेपी सिंह व एसपी स्वप्निल ममगाई ने रविवार को अकबरपुर रनियां, सिकंदरा, रसूलाबाद व भोगनीपुर विधानसभा क्षेत्र के बूथों का निरीक्षण किया। इस दौरान कुछ मतदान बूथों पर कोविड गाइडलाइन का पालन न होने पर नाराजगी जताई और सुधार के निर्देश दिए। इसके साथ ही सुरक्षा कर्मियों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। वहीं सीडीओ सौम्या पांडेय भी लगातार क्षेत्र में सक्रिय रहीं।
वहीं एडीजी भानु भास्कर शिवली के बन्नापुर समेत आसपास के मतदान केंद्र पर गए। कई जगह लोगों को मास्क न लगाए हुए देखने पर उन्होंने मास्क का वितरण किया। सुरक्षा कर्मियों से मुस्तैदी से डटे रहने को कहा। उन्होंने व्यवस्था पर नजर रखी। वहीं सुबह सात बजे से शुरू हुए मतदान में व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए डीएम व एसपी ने अकबरपुर रनियां विधानसभा क्षेत्र के अकबरपुर इंटर कालेज का निरीक्षण किया।
वहीं शिवली के ताराचंद इंटर कालेज में बनाए गए बूथ संख्या 182, 183, 184, 185 की स्थित जांची। इसके बाद भोगनीपुर विधानसभा क्षेत्र के रामस्वरूप ग्रामोद्योग इंटर कालेज में बने बूथों की व्यवस्था देखी। शाहजहांपुर में बूथ संख्या 146,147,148 में हो रहे मतदान का जायजा लिया। सिकंदरा विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत प्राथमिक विद्यालय राजपुर के बूथ संख्या 358, 359, 360, 361 का निरीक्षण किया।
वहीं रसूलाबाद विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत मंगलपुर में बूथ संख्या 386, 387, 389, 390 का निरीक्षण किया। उन्होंने मतदान कार्मिक व सुरक्षा कर्मियों को निर्देशित करते हुए कहा कि निष्पक्ष व शांतिपूर्वक मतदान कराने के लिए विशेष सतर्कता बरतें। वहीं संदिग्ध लोगों पर विशेष नजर रखने के निर्देश दिए। कुछ बूथों पर कोविड गाइडलाइन का पालन न होने पर उन्होंने आशा व संगिनी से नाराजगी जताई।