
UP news
यूपी : इटावा में जुटा सपा का कुनबा, शिवपाल बोले कि सपा गठबंधन की सरकार के सीएम होंगे अखिलेश यादव। .
इटावा। उत्तर प्रदेश विधानसभा के तीसरे चरण के मतदान में रविवार को इटावा के सैफई में समाजवादी पार्टी का कुनबा लम्बे समय बाद जुटा। इसके बाद सभी ने एक स्वर में अखिलेश यादव को गठबंधन सरकार का मुख्यमंत्री बनाने के साथ ही शिवपाल सिंह यादव को एक लाख वोट से जीत दिलाने का भरोसा जताया।
वहीं इटावा के जसवंतनगर से सपा के प्रत्याशी प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के मुखिया के पक्ष में मतदान करने पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह यादव के अलावा उनके छोटे भाई अभय राम सिंह यादव, सपा के प्रमुख राष्ट्रीय महासचिव प्रोफेसर राम गोपाल यादव, अखिलेश यादव, डिंपल यादव, धर्मेन्द्र यादव तथा तेज प्रताप यादव के साथ शिवपाल सिंह यादव भी मौजूद थे। लम्बे समय बाद सब एक साथ दिखे।
वहीं सैफई के अभिनव विद्यालय में बने आदर्श मतदान केन्द्र पर सपा के संरक्षक मुलायम सिंह यादव के साथ पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव, उनकी पत्नी डिंपल यादव, सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव के छोटे भाई अभय राम सिंह यादव, पार्टी के प्रमुख राष्ट्रीय महासचिव प्रोफेसर राम गोपाल यादव, पूर्व सांसद धर्मेन्द्र यादव, तेज प्रताप यादव तथा परिवार के अन्य लोगों ने मतदान किया।
वहीं अभय राम सिंह यादव ने कहा कि प्रसपा मुखिया शिवपाल सिंह यादव की प्रदेश में सबसे बड़ी जीत होगी और उत्तर प्रदेश में पूर्ण बहुमत की सपा गठबंधन की सरकार बनेगी। शिवपाल जसवंतनगर से और अखिलेश यादव करहल से एक लाख से अधिक वोट से जीतेंगे। प्रमुख राष्ट्रीय महासचिव प्रो. रामगोपाल यादव ने कहा कि जसवंतनगर से सपा प्रत्याशी शिवपाल सिंह यादव की एक लाख से अधिक वोटों से जीत होगी।
वहीं उन्होंने यह भी कहा कि करहल से सपा प्रमुख अखिलेश यादव के खिलाफ चुनाव लड़ रहे भाजपा प्रत्याशी एसपी सिंह बघेल की जमानत जब्त हो जाएगी। अखिलेश यादव मुख्यमंत्री बनेंगे। अखिलेश यादव ने कहा कि हम तो तीसरे चरण में भारी बहुमत से जीत रहे हैं। अखिलेश ने कहा कि प्रथम दो चरण में समाजवादी पार्टी सीटों का शतक लगा चुकी है। अब तो तीसरे चरण में हम बहुमत से जीत रहे हैं।
वहीं उन्होंने कहा कि इस चरण में अधिकतर क्षेत्र बुंदेलखंड का आता है जहां पर बड़ी संख्या में युवा बेरोजगार है। ऐसे लोग हैं जो लाक डाउन के दौरान अपनी रोजी रोटी खो चुके हैं। किसानों की आय डबल नहीं हुई है। भारतीय जनता पार्टी ने कोई विकास नहीं किया है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की हार सुनिश्चित है। इसे कोई रोक नहीं पाएगा।
वहीं उन्होंने कानून व्यवस्था पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि लखनऊ में पुलिस कांस्टेबल की हत्या हो गई और उसकी लाश मिली। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इस संबंध में क्या बताएंगे। क्या दोषियों को सजा दे पाएंगे, उन्होंने आंखें बंद कर रखी हैं। बाबा मुख्यमंत्री को कोई काम करना नहीं है, अच्छा काम देखना नहीं है। योगी आदित्यनाथ पांच साल मुख्यमंत्री रहे अपने शहर में मेडिकल कालेज को वो सुविधाएं नहीं दे पाए। एक्सप्रेस-वे से जोड़ नहीं पाए। उनको कोई काम नहीं करना है। भाजपा के छोटे नेताओं हों या बड़े नेता हों वे केवल बयानबाजी कर रहे हैं।
वहीं अखिलेश यादव के साथ मौजूद उनकी पूर्व सांसद पत्नी डिंपल यादव ने कहा कि प्रदेश में सिर्फ समाजवादी पार्टी ने ही महिलाओं के विकास के लिए काम किया है। भाजपा सरकार के कार्यकाल में महिलाएं बेहद असुरक्षित हैं। ताजा मामला लखनऊ में एक महिला सिपाही का शव नाला में मिलने का है। भाजपा सरकार के कार्यकाल में कानून व्यवस्था ध्वस्त है। उत्तर प्रदेश की जनता तो अखिलेश यादव के साथ है।
वहीं दूसरी तरफ़ प्रदेश में सपा की पूर्ण बहुमत की सरकार बनने जा रही है। उत्तर प्रदेश की जनता अब बदलाव चाहती है। इस बार चुनाव में सपा को जनता का पूर्ण समर्थन मिल रहा है। वहीं शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि प्रदेश में सपा गठबंधन की सरकार बनेगी और अखिलेश यादव ही प्रदेश के मुख्यमंत्री होंगे। समाजवादी गठबंधन को कम से कम 300 के आसपास सीटें हासिल होंगी।