Headlines
Loading...
वाराणसी: उत्‍तर प्रदेश में बादलों की कैद में सारा आकाश।

वाराणसी: उत्‍तर प्रदेश में बादलों की कैद में सारा आकाश।

                                   𝕊.𝕂. 𝔾𝕦𝕡𝕥𝕒 ℝ𝕖𝕡𝕠𝕣𝕥𝕖𝕣 

वाराणसी। पूर्वांचल सहित समूचे प्रदेश में मौसम का रुख बदला हुआ है। मौसम का रुख चुनौती इस लिहाज से भी दे रहा है कि वातावरण में बारिश और बादलों का असर काबिज है। पूर्व में ही मौसम विभाग की ओर से इस बाबत अलर्ट जारी किया जा चुका है और मौसम का रुख बादलों की ओर अगले कुछ घंटों तक बने रहने की उम्‍मीद है। हालांकि, चौबीस घंटों के बाद मौसम का रुख दोबारा बदलेगा और बारिश थमने के साथ ही गलन में इजाफा हो जाएगा। धूप जैसे खिलेगी वैसे ही वातावरण में गलन और बर्फीली हवाएं काबिज हो जाएंगी।

वहीं बीते चौबीस घंटों में अधिकतम तापमान 23.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्‍य से दो डिग्री कम रहा। न्‍यूनतम तापमान 13.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्‍य से तीन डिग्री अधिक रहा। आर्द्रता अधिकतम 89 फीसद और न्‍यूनतम 67 फीसद दर्ज किया गया। मौसम विभाग की ओर से जारी सैटेलाइट तस्‍वीरों के अनुसार पूर्वांचल में बादलों की सक्रियता बनी हुई है जो लगातार पूर्व की ओर रुख कर रही है। मौसम का रुख कुछ घंटों तक ऐसे ही बने रहने की उम्‍मीद मौसम विज्ञानियों ने जताई है।

वहीं मौसम विज्ञानी मान रहे हैं कि पश्चिमी विक्षोभ उत्‍तर प्रदेश में सक्रिय है। बंगाल की खाड़ी की ओर से एक किमी तक पुरवा हवाएं चल रही हैं, जो शुष्‍क और ठंडी हैं। वहीं पश्चिमोत्तर की ओर से आया यह विक्षोभ उसके ऊपर लगभग 10-12 किमी की ऊंचाई तक सघन रूप से बना हुआ है जो काफी तेज है और हवाएं बर्फ के क्रिस्टल के रूप में हैं। इसके प्रभाव से अभी बंगाल की खाड़ी की ओर आई सूखी और ठंडी हवाएं वाष्पित होकर बारिश करा रही हैं।

वहीं दूसरी तरफ़ इनके हटते ही ऊपर जमी विक्षोभ की बर्फीली क्रिस्टल युक्त हवा नीचे आई तो बर्फ के टुकड़े ओले के रूप में छोटे-छोटे होकर कुछ इलाकों में बरस भी रहे हैं। इसके चलते शुक्रवार को भी मौसम बारिश और ओले का बना रहने की उम्‍मीद है। यह भी हो सकता है दोपहर बाद मामूली धूप भी हो, लेकिन उसके बाद फिर गरज-चमक के साथ छींटे पड़ने की उम्‍मीद है। शनिवार से मौसम का यह रुख बदलेगा और बारिश थमने के बाद ठंड में इजाफा होगा। पश्चिमी विक्षोभ के असर ने वसंत के आगमन की राह को भी बाधित किया है।