
UP news
चंदौली : चकिया जनसभा में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह बोले - सपा, कांग्रेस ने सरदार पटेल का किया अपमान
चंदौली । उत्तर प्रदेश के अंतिम चरण के चुनावी रैली के दौरे में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने एक बार फिर विपक्ष पर निशाना साधा है । उन्होंने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि सपा व कांग्रेस ने सरदार पटेल का अपमान किया जबकि भाजपा ने सरदार पटेल का सम्मान करते हुए स्टैच्यू ऑफ यूनिटी का निर्माण कराया। यह बात नगर स्थित एक लान में बुधवार को भाजपा प्रत्याशी कैलाश खरवार के समर्थन में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कही। कहा कि समाजवादी पार्टी परिवारवाद और जातिवाद की राजनीति करती है।
जबकि भारतीय जनता पार्टी राष्ट्रवाद पर राजनीति करती है। उन्होंने कहा कि वर्तमान चुनाव प्रदेश की खुशहाली व गरीबों के उत्थान के लिए है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने डाक्टर आंबेडकर को विश्व स्तर पर सम्मान दिलाया।साथ ही भगवान श्री राम का भव्य मंदिर का निर्माण कराया। कहा भाजपा कि मोदी ,योगी सरकार ने गरीबों को पक्का मकान, गैस सिलेंडर, बिजली कनेक्शन, आयुष्मान कार्ड, किसान सम्मान निधि, बिना किसी भेदभाव के दिया। विधानसभा चुनाव में आपका मत महत्वपूर्ण है। जो देश का भाग्य तय करेगा।भाजपा की जगह सपा के आने का मतलब सरदार पटेल की जगह जिन्ना की मूर्ति लगेगी।
उन्होने आगे कहा कि भाजपा ने पलक झपकते ही कश्मीर की समस्या का समाधान कर दिया। विधवा, दिव्यांग वृद्धों को डेढ़ हजार मासिक पेंशन के लिए 2.5 करोड़ दिया। गरीबों को पक्का मकान व बेटियों की शादी अनुदान सहित छात्र-छात्राओं को उनका हक दिलाया। उन्होंने देश और प्रदेश में सुशासन बनाए रखने के लिए भाजपा को वोट देने की अपील की। सभा को प्रभात पटेल, पूर्व विधायक शिव तपस्या पासवान, उमाशंकर सिंह, ब्लाक प्रमुख शंभूनाथ सिंह यादव, सुषमा जायसवाल, प्रत्याशी कैलाश आचार्य सहित तमाम लोगों ने संबोधित किया। अध्यक्षता देवी सिंह पटेल व संचालन डाक्टर प्रदीप मौर्या ने किया।