Headlines
Loading...
ग्रेटर नोएडा : गौतमबुद्ध नगर में यूपी विधानसभा चुनाव नतीजों में फिर खिला कमल तो साइकिल हुईं पंक्चर।

ग्रेटर नोएडा : गौतमबुद्ध नगर में यूपी विधानसभा चुनाव नतीजों में फिर खिला कमल तो साइकिल हुईं पंक्चर।


ग्रेटर नोएडा। गौतमबुद्ध नगर की नोएडा, दादरी व जेवर विधानसभा सीट एक बार फिर भारतीय जनता पार्टी ने फतह की है। सपा की साइकिल जिले में इस बार भी नहीं दौड़ सकी। तीनों सीट पर भाजपा व सपा रालोद गठबंधन के बीच सीधी टक्कर थी। बसपा और कांग्रेस प्रत्याशी काफी पीछे रहे। 

वहीं सम्राट मिहिर भोज प्रतिमा अनावरण प्रकरण के उपजे विरोध को दरकिनार करते हुए भाजपा प्रत्याशियों ने रिकार्ड मतों से जीत दर्ज की है। नोएडा फेज दो स्थित फूलमंडी में कड़ी सुरक्षा के बीच हुई मतगणना के बीच पहले चक्र से ही भाजपा प्रत्याशियों ने बढ़त बना ली थी, जो अंतिम चक्र तक कायम रही। 

वहीं तीनों सीट पर जीत तय होते ही भाजपा कार्यकर्ता ढोल नगाड़ों के बीच अबीर गुलाल उड़ाकर जीत का जश्न मनाने लगे। गौतमबुद्ध नगर की तीनों सीटों के लिए पहले चरण में दस फरवरी को वोट डाले गए थे। मतगणना के लिए बृहस्पतिवार को कड़ी सुरक्षा के बीच नोएडा फूलमंडी में बने स्ट्रांग रूप में रखीं ईवीएम को निकाला गया। 

वहीं सुबह आठ बजे से मतगणना शुरू हुई। सबसे पहले सर्विस वोटर बैलेट, दिव्यांग व बुजुर्गों के बैलेट की गिनती शुरू हुई। साढ़े आठ बजे ईवीएम को मतगणना के लिए टेबल पर लाया गया। सबसे पहले करीब नौ बजे जेवर के पहले चक्र का परिणाम घोषित हुआ। जेवर से भाजपा प्रत्याशी एवं मौजूदा विधायक धीरेंद्र सिंह ने बसपा प्रत्याशी नरेंद्र भाटी डाढ़ा पर बढ़त बना ली। 

वहीं तीसरे चक्र में सपा रालोद गठबंधन प्रत्याशी अवतार सिंह भड़ाना बसपा को पीछे छोड़ते हुए दूसरे स्थान पर आ गए। नोएडा सीट पर केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के पुत्र पंकज सिंह के चुनाव मैदान में होने के कारण सभी की नजरें लगी थीं। पंकज सिंह ने भी पहले चक्र से अपने प्रतिद्वंद्वी सपा प्रत्याशी से दो गुने से अधिक से बढ़त बना ली थी जो अंत तक कायम रही। 

वहीं सम्राट मिहिर भोज प्रतिमा प्रकरण के बावजूद दादरी में भी भाजपा शुरुआत से आगे रही। तीनों सीट पर हर चक्र के साथ भाजपा व सपा रालोद गठबंधन के प्रत्याशियों के बीच वोट का अंतर बढ़ता गया।

वहीं जेवर के मतों की गिनती तीस, नोएडा के 38 व दादरी के मतों की गिनती 34 चक्र में हुई। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के पांच फीसद बूथ की ईवीएम के साथ वीवीपैट की पर्ची की भी गिनती की गई। जैसे-जैसे मतों का अंतर बढ़ता गया। मतगणना स्थल पर मौजूद पार्टी कार्यकर्ताओं के चेहरे का रंग बदलता रहा। भारी बढ़त मिलने से जहां भाजपा कार्यकर्ता जोश से भरे नजर आए। 

वहीं सपा-रालोद गठबंधन, बसपा और कांग्रेस प्रत्याशी मायूस दिखे। मतों का अंतर काफी अधिक देखते हुए बसपा, कांग्रेस समेत अन्य दल व निर्दलीय प्रत्याशी व उनके एजेंट मतगणना पूरी होने से पहले फूल मंडी से निकल गए। मतगणना की पारदर्शिता एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए एक हजार पुलिस जवान तैनात किए गए थे। मतगणना प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराई गई।

वहीं दूसरी ओर नोएडा सीट से भाजपा प्रत्याशी पंकज सिंह को 2,44,319 मत मिले। उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी सपा रालोद गठबंधन प्रत्याशी सुनील चौधरी को 62,806 मत मिले।

वहीं दादरी सीट पर भाजपा प्रत्याशी तेजपाल नागर को 2,18,068 मत मिले, जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी राजकुमार भाटी को 79,850 मत मिले। वहीं जेवर से भाजपा प्रत्याशी धीरेंद्र सिंह को 1,17,205 मिले। उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी रालोद सपा गठबंधन प्रत्याशी अवतार सिंह भड़ाना को 60890 मत मिले।